विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE Board Exam 2027: 10वीं-12वीं की डेटशीट जारी, 16 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

Published: Fri, 06 Nov 2026 09:02 PM (IST)

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट 101 दिन पहले जारी कर ...और पढ़ें

बिहार के 1.25 लाख विद्यार्थी भी देंगे बोर्ड परीक्षा

बिहार के 1.25 लाख विद्यार्थी भी देंगे बोर्ड परीक्षा

HighLights

  1. 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं।

  2. सीबीएसई ने 101 दिन पहले जारी की परीक्षा की डेटशीट।

  3. 46.3 लाख से अधिक विद्यार्थी देंगे बोर्ड परीक्षा, बिहार से 1.25 लाख।

जागरण संवाददाता, पटना। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही समय-सारिणी जारी कर दी है। इससे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति बनाने और विषयवार पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।

इस बार 10वीं में 83 और 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सीबीएसई की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, दोनों कक्षाओं को मिलाकर 46.3 लाख से अधिक विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।

बिहार के 1.25 लाख विद्यार्थी भी देंगे बोर्ड परीक्षा

सीबीएसई की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं के करीब 26.5 लाख और 12वीं के 19.8 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इस तरह कुल परीक्षार्थियों की संख्या 46.3 लाख से अधिक हो गई है।

वहीं, बिहार से दोनों कक्षाओं को मिलाकर करीब 1.25 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। डेटशीट पहले जारी होने से विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों और शिक्षकों को भी परीक्षा की तैयारी और अन्य गतिविधियों की योजना बनाने में सहूलियत होगी।

40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखकर तैयार हुई डेटशीट

सीबीएसई ने परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विद्यार्थियों के विषय संयोजनों का विशेष ध्यान रखा है। बोर्ड के अनुसार, 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों का विश्लेषण कर डेटशीट तैयार की गई है, ताकि किसी विद्यार्थी के दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े।

इसके अलावा, सामान्य रूप से एक साथ चुने जाने वाले विषयों के बीच भी पर्याप्त अंतराल रखा गया है। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं के संभावित कार्यक्रम को भी ध्यान में रखा गया है, ताकि बोर्ड परीक्षा के बाद उन्हें आगे की तैयारी का समय मिल सके।

सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी परीक्षाएं

सीबीएसई के निर्देश के अनुसार, सभी बोर्ड परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम तैयार किया गया है।

बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान शिक्षकों को लंबे समय तक स्कूलों से अनुपस्थित रहने की स्थिति से बचाने का भी प्रयास किया है। समय पर परीक्षार्थियों की सूची (एलओसी) जमा होने के कारण इस बार डेटशीट पहले जारी करना संभव हुआ है।

विद्यार्थियों से लेकर स्कूलों तक को मिलेगा तैयारी का समय

परीक्षा कार्यक्रम पहले जारी होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। अभिभावक और शिक्षक भी परीक्षा के अनुसार अपनी गतिविधियों और यात्रा की योजना बना सकेंगे।

इसके साथ ही गैर-बोर्ड कक्षाओं की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका कम होगी। परीक्षा केंद्र बनने वाले स्कूलों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।

CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा 2027 : विषयवार डेटशीट

तिथि विषय
16 फरवरी पेंटिंग
17 फरवरी गणित
19 फरवरी होम साइंस
22 फरवरी साइंस
24 फरवरी कंप्यूटर एप्लीकेशन, आइटी
26 फरवरी इंग्लिश
3 मार्च हिंदी
4 मार्च भाषा
8 मार्च सोशल साइंस

CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 : विषयवार डेटशीट

तिथि विषय
16 फरवरी फिजिक्स
18 फरवरी फिजिकल एजुकेशन
19 फरवरी बायोटेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप
23 फरवरी अकाउंटेंसी
24 फरवरी पेंटिंग
25 फरवरी जियोग्राफी
27 फरवरी केमिस्ट्री
2 मार्च साइकोलॉजी
3 मार्च भाषा
5 मार्च इंग्लिश
9 मार्च गणित
11 मार्च होम साइंस
13 मार्च हिंदी
15 मार्च म्यूजिक
16 मार्च इकोनॉमिक्स
19 मार्च पॉलिटिकल साइंस
25 मार्च बायोलॉजी
27 मार्च हिस्ट्री
30 मार्च सोशियोलॉजी
31 मार्च कंप्यूटर साइंस, आइटी
1 अप्रैल बिजनेस स्टडीज
8 अप्रैल लीगल स्टडीज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।