चार्टर प्लेन; फैमिली वेकेशन और सरकार की चुप्पी, बिहार के IAS अफसर की 'पिकनिक' पर RJD ने उठाए सवाल
पटना एयरपोर्ट पर एक आईएएस अधिकारी के परिवार सहित चार्टर प्लेन से उतरने पर विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली से पटना की इस यात्रा का खर्च लगभग 20 लाख रुपये बताया जा रहा है, जिस पर अधिकारी की सीमित संपत्ति को देखते हुए सवाल उठ रहे हैं। विधानसभा में राजद विधायक ने इस मुद्दे को उठाया, लेकिन सरकार ने चुप्पी साध रखी है। विपक्ष इसे 'अफसरशाही की ऐश' बताकर पारदर्शिता पर सवाल उठा रहा है।

विधानसभा में उठा मुद्दा, सरकार खामोश

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar IAS Officer's Luxury Charter Flight: पटना एयरपोर्ट पर कुछ दिन पहले एक लक्जरी चार्टर प्लेन उतरा। रनवे पर मौजूद कर्मचारियों को लगा कोई बड़ा उद्योगपति या नेता आया है। लेकिन जैसे ही विमान का दरवाजा खुला, तस्वीर अलग थी। प्लेन से सपरिवार एक आईएएस अधिकारी बाहर निकले। एयरपोर्ट कर्मियों में इसे लेकर फुसफुसाहट शुरू हो गई। कई लोगों ने इस असामान्य दृश्य को हैरानी से देखा।
कौन थे यात्री? छानबीन में सामने आया नाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह चार्टर Dassault Falcon 2000 था। यह विमान आमतौर पर बड़े कारोबारी या वीवीआईपी इस्तेमाल करते हैं। जिज्ञासा बढ़ी तो एयरपोर्ट कर्मियों ने जानकारी जुटानी शुरू की।
पता चला कि यात्री बिहार में तैनात एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। वे दिल्ली से पटना अपने परिवार के साथ लौटे थे। इसके बाद से यह मामला प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।
विधानसभा में उठा मुद्दा, सरकार खामोश
गुरुवार को विधानसभा में यह मामला गूंजा। आरजेडी विधायक राहुल शर्मा ने सरकार से सीधे सवाल किए। उन्होंने पूछा कि चार्टर प्लेन से यात्रा की अनुमति किसने दी। यात्रा का खर्च किस स्रोत से वहन किया गया।
क्या इस पर कोई जांच कराई गई है। लेकिन सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
20 लाख का सफर, उठे खर्च पर सवाल
Dassault Falcon 2000 से दिल्ली–पटना आने-जाने का खर्च करीब 20 लाख रुपये बताया जा रहा है। जबकि सामान्य फ्लाइट से यही सफर कुछ हजार रुपये में संभव है। एक परिवार के चार लोगों पर इतना खर्च चर्चा का कारण बना।
सूत्रों के अनुसार यह पूरी तरह निजी यात्रा थी। ऐसे में खर्च का स्रोत सबसे बड़ा सवाल बन गया है। विपक्ष इसे ‘अफसरशाही की ऐश’ बता रहा है।
दिल्ली से पटना चार्टर प्लेन का खर्च कितना?
दिल्ली से पटना तक चार्टर प्लेन से एक बार आने का खर्च विमान के प्रकार, उपलब्धता और सेवा सुविधाओं पर निर्भर करता है। एविएशन सेक्टर के जानकारों के अनुसार मिड-साइज लक्जरी जेट जैसे Dassault Falcon 2000 या समान श्रेणी के विमान से यह सफर करने पर एकतरफा उड़ान का खर्च लगभग 18 से 25 लाख रुपये तक हो सकता है। इसमें विमान किराया, क्रू चार्ज, एयरपोर्ट फीस और फ्यूल कॉस्ट शामिल होती है।
किस बात पर निर्भर करता है कुल खर्च?
चार्टर उड़ान का खर्च इस बात पर भी निर्भर करता है कि विमान कितनी देर के लिए बुक किया गया है और क्या उसे उसी दिन वापस लौटना है। अगर विमान को रुकना पड़े तो पार्किंग और अतिरिक्त क्रू खर्च भी जुड़ जाता है। तुलना करें तो कमर्शियल फ्लाइट में यही सफर प्रति व्यक्ति कुछ हजार रुपये में हो जाता है, जबकि चार्टर पूरी तरह निजी और महंगी सुविधा मानी जाती है।
घोषित संपत्ति और आर्थिक पृष्ठभूमि पर बहस
खबरों के मुताबिक संबंधित अधिकारी की घोषित संपत्ति सीमित है। सरकारी रिकॉर्ड में उनके पास मामूली जमीन का उल्लेख है। पारिवारिक पृष्ठभूमि भी बेहद साधारण बताई जाती है।
ऐसे में चार्टर प्लेन का खर्च कैसे वहन किया गया। क्या यह निजी धन था या किसी और ने भुगतान किया। इन सवालों का जवाब अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है।
‘ऑफिसर राज’ पर सियासी वार
विपक्ष ने इसे ‘बिहार का ऑफिसर राज’ करार दिया है। उनका आरोप है कि अफसर जवाबदेही से बच रहे हैं। विधानसभा में मुद्दा उठने के बाद भी चुप्पी सवाल खड़े कर रही है।
सरकार की ओर से न जांच की घोषणा हुई, न स्पष्टीकरण।
इस घटना ने प्रशासनिक पारदर्शिता पर बहस छेड़ दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार आगे क्या कदम उठाती है।
यह भी पढ़ें- बिहार में महिला शिक्षकों को मिलेगा 730 दिन मातृत्व अवकाश, नीतीश सरकार का बड़ा फैसला
यह भी पढ़ें- बिहार विधानसभा से आई तस्वीर ने बढ़ाई सियासी हलचल, सिद्दीकी से आशीर्वाद लेते दिखे मंत्री अशोक चौधरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।