Bihar News: चुनाव से पहले नीतीश सरकार खेलेगी आरक्षण का दांव? डिप्टी CM-केंद्रीय मंत्री के बयान से मुद्दे को फिर मिली हवा
पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में अत्यंत पिछड़ा वर्ग हुंकार सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें आरक्षण बढ़ाने की आवाज बुलंद की गई। इस सम्मेलन में दोनों डिप्टी सीएम सहित प्रदेश के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। डिप्टी सीएम सम्राट ने कहा कि समाज का आरक्षण 18 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की मांग को मुख्यमंत्री के समझ रखा जाएगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी एवं प्रतिनिधित्व बढ़ाने को लेकर सामाजिक गोलबंदी जोर पकड़ने लगी है। संभवत: इसी लक्ष्य के साथ रविवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ. भीम सिंह के नेतृत्व में अतिपिछड़ों ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष मिलर हाई स्कूल मैदान में अत्यंत पिछड़ा वर्ग हुंकार सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें आरक्षण बढ़ाने की आवाज बुलंद की गई।
25 प्रतिशत आरक्षण की मांग
एकमुश्त 36 प्रतिशत वोट बैंक वाले अत्यंत पिछड़ों के नेताओं की सरकार से मांग है कि उनका आरक्षण 25 प्रतिशत किया जाए। वर्तमान में इस समुदाय को एनडीए का समर्थक माना जाता है। ऐसे में बिहार भाजपा के शीर्ष नेताओं ने भी मंच से समाज की बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक पहुंचाने का भरोसा दिया।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के 21 में से सात (33 प्रतिशत) मंत्री अतिपिछड़ा समाज से हैं।
पहले कभी इस समाज को सत्ता में इतनी भागीदारी नहीं दी गई थी। सम्राट ने कहा कि समाज का आरक्षण 18 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की मांग को मुख्यमंत्री के समझ रखा जाएगा।
पीएम मोदी और नीतीश सरकार की उपलब्धियां गिनाई
वहीं, भाजपा के शीर्ष नेता दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से लेकर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने डबल इंजन एनडीए सरकार की ओर अतिपिछड़ों के उत्थान के लिए की गई अब तक की पहल की ओर ध्यान आकृष्ट किया। मोदी एवं नीतीश सरकार की उपलब्धियां गिनाई गई।
भाजपा नेताओं ने बताया कि अतिपिछड़ा समाज से आने वाले जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया गया। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायतों में 50 प्रतिशत और रोजगार में 35 प्रतिशत महिला आरक्षण का सर्वाधिक लाभ आज अतिपिछड़ा समाज के महिलाओं को मिल रहा है।
समाज के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राजगीर में जरासंध की आदमकद मूर्ति का अनावरण जैसे उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने राजद से सावधान किया।
हक-अधिकार के लिए कानू समाज 13 अप्रैल को पटना में करेगा महासम्मेलन
सारण जिला कानू महासभा द्वारा रविवार को स्थानीय डीएन गार्डन में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष विद्यासागर विद्यार्थी एवं मंच संचालन संतोष कुमार ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
होली मिलन समारोह का हुआ आयोजन।
इस अवसर पर आगामी 13 अप्रैल को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित कानू समाज की महारैली की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और बड़ी संख्या में लोगों को शामिल होने को लेकर आमंत्रित भी किया गया।
पंचायती राज मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते कहा कि कानू समाज एक सशक्त और मेहनतकश समाज है, जिसने देश के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
सारण जिला कानू महासभा के सचिव एवं भाजपा सारण के महामंत्री धर्मेंद्र कुमार साह ने कहा कि कानू समाज की यह महारैली सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मजबूती का प्रतीक होगी।
ये भी पढ़ें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।