विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार से दिल्ली-यूपी और बंगाल के लिए होली पर भी चलेंगी सस्ती बसें, किराये में मिलेगी एक-तिहाई छूट

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:09 PM (GMT+05:30)

होली पर बिहार से अन्य राज्यों के लिए विशेष बस सेवा शुरू होगी, जिसमें यात्रियों को किराए में एक-तिहाई की छूट मिलेगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. होली पर अंतर्राज्यीय बसों के किराए में एक-तिहाई छूट।

  2. बिहार को पीएम ई-बस योजना के तहत 400 बसें आवंटित।

  3. 31 स्थानों पर पीपीपी मॉडल पर बनेंगे अत्याधुनिक बस स्टैंड।

राज्य ब्यूरो, पटना। दीपावली-छठ के उपलक्ष्य में, पांच से 20 नवंबर तक, बिहार से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा (गुरुग्राम) एवं पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के लिए विशेष बस सेवा का संचालन हो रहा है।

इन बसों के लिए निर्धारित किराया 1,800 रुपये में एक-तिहाई अनुदान दिया जा रहा है। यानी कि यात्रियों को किराये में 1,200 रुपये ही देने पड़ रहे।

अब होली पर भी किराये में ऐसी ही रियायत के साथ अंतर्राज्यीय बसों का संचालन होगा। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने विधानसभा परिसर में शीघ्र ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों के चालकों के निबंधन एवं उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु नवंबर अंत तक ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ किया जाएगा।

'मुख्यमंत्री वाहन चालक कल्याण योजना-2024' के अंतर्गत चालकों एवं उनके स्वजनों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर, जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा, भारी वाहन चालकों का प्रशिक्षण, पुनश्चर्या प्रशिक्षण (सरकारी चालकों हेतु दो दिवसीय तथा निजी चालकों हेतु एक दिवसीय) एवं जागरूकता कार्यक्रमों का प्रविधान है।

इस पर प्रथम वर्ष में 34.08 करोड़ रुपये तथा पांच वर्षों में कुल 90.40 करोड़ रुपये व्यय होंगे।

बिहार को आवंटित की गई 400 ई-बसें 

पीएम ई-बस योजना के अंतर्गत बिहार के छह क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए कुल 400 बसें आवंटित हैं। पटना के लिए 150 तथा गयाजी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर एवं पूर्णिया के लिए 50-50 बसें आवंटित हैं। गयाजी को 50 इलेक्ट्रिक बसें दी जाएंगी, जबकि पटना में ऐसी 52 बसों का संचालन हो रहा है।

31 स्थानों पर बनेंगे अत्याधुनिक बस स्टैंड

बिहार के 31 स्थानों पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर अत्याधुनिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे। वहां यात्रियों के लिए पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी जैसी जन-सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

टिकट व बसों की सूचना मोबाइल एप पर

यात्रियों की सुविधा, टिकटिंग और बसों की लाइव ट्रैकिंग के लिए शीघ्र ही 'ह्वेयर इज माय बस' मोबाइल एप विकसित किया जाएगा। इससे आवागमन की समस्त जानकारियां एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध हो सकेंगी।

यह भी पढ़ें- हाथों से बुनते हैं छठ की टोकरी, जुबां से गाते हैं खुद के लिखे छठ गीत; अनोखा है बिहार के रामचंद्र महोली का हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।