विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के स्कूलों में बड़ा बदलाव: छठी से कंप्यूटर की पढ़ाई जरूरी, 31 मार्च तक बनेंगी 700 स्मार्ट क्लास

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:48 PM (IST)

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घोषणा की है कि अगले सत्र से बिहार के सभी सरकारी विद्यालयों में छठी और उससे ऊपर की कक्षाओं में कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य होगी।

बिहार के सरकारी स्कूलों में छठी से कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य होगी

बिहार के सरकारी स्कूलों में छठी से कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य होगी

राज्य ब्यूरो, पटना। अगले सत्र से प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में छठी और उसके ऊपर की कक्षाओं में कंप्यूटर की शिक्षा को अनिवार्य कर दिया जाएगा। इससे पहले सभी शिक्षकों को एससीईआरटी में कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे विद्यार्थियों को प्रभावी ढंग से कंप्यूटर शिक्षा दे सकें।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी 700 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूलों) में 31 मार्च से पहले स्मार्ट क्लास का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। जिन आदर्श विद्यालयों में अब तक चहारदीवारी नहीं बनी है, वहां इसका निर्माण कराया जाए।

उन्होंने केन्द्र से मिली राशि का सदुपयोग करते हुए विद्यालयों की जरूरी आधारभूत सुविधाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए हर प्रमंडल में गुरुकुलम विद्यापीठ का खाका तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसकी शुरुआत बक्सर से की जा चुकी है। यहां पहले गुरुकुलम की स्थापना पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

उन्होंने बजट पदाधिकारी को अन्य गुरुकुलम विद्यापीठ की विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस बार बजट में ज्यादा से ज्यादा नई योजनाओं को शामिल करें।

उन्होंने कहा कि राज्य में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बंद पड़े राजकीय संस्कृत विद्यालयों को फिर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पहले उन विद्यालयों का जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिनके पास अपनी जमीन उपलब्ध है।

साथ ही संस्कृत शिक्षा बोर्ड की तरह मदरसा बोर्ड के कार्यालय को भी जल्द नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।

बिहार दिवस पर होगा वृहद आयोजन

शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस बार बिहार दिवस के अवसर पर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह पटना के बापू सभागार में करने की योजना है। इस अवसर पर कवि डॉ. कुमार विश्वास को आमंत्रित किया जाएगा।

बैठक में विशेष सचिव धर्मेन्द्र कुमार, बिहार शिक्षा परियोजना के राज्य परियोजना निदेशक नवदीप शुक्ला, माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह, टेक्स्ट बुक के निदेशक यतेंद्र कुमार पाल, प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक, निदेशक प्रशासन विजय कुमार पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- बिहार के 2996 स्कूलों में जल्द बनेंगे 16440 नए क्लासरूम, सीएम सम्राट चौधरी ने दिए निर्देश