विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के 2996 स्कूलों में जल्द बनेंगे 16440 नए क्लासरूम, सीएम सम्राट चौधरी ने दिए निर्देश

Published: Thu, 22 Oct 2026 11:20 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 2,996 नए विद्यालय भवनों और 16,440 कक्षाओं के शीघ्र निर्माण का निर्देश दिया है।

सीएम सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)

सीएम सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने 2,996 विद्यालय भवनों के निर्माण का निर्देश दिया।

  2. 211 डिग्री महाविद्यालयों के स्थायी कैंपस जल्द बनेंगे।

  3. आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे नए शिक्षण संस्थान।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से गुरुवार को लोक सेवक आवास के संकल्प सभागार में शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग की बैठक की।

इस दौरान नवस्थापित 211 डिग्री महाविद्यालयों के स्थाई कैंपस के निर्माण को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री ने 2,996 विद्यालय के नए भवन तथा उनमें कुल 16,440 कक्षाओं के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में शिक्षा तथा उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्थाई कैंपस का डिजाइन प्लान, साईट प्लान, फ्लोर प्लान सहित निर्माण हेतु भूमि की उपलब्धता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन महाविद्यालयों के स्थायी कैंपस का निर्माण आधुनिक शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।

प्रस्तावित नए डिग्री महाविद्यालयों में क्लास रूम, केमिस्ट्री लैब, लेक्चर थिएटर, साइंस ब्लॉक, कंप्यूटर लैब, जूलाजी लैब, आर्ट ब्लॉक, लाइब्रेरी ब्लॉक, किचेन तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।

211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन शुरू

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन की शुरूआत करायी गयी है ताकि बच्चों को अपने ही प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सके।

गुणवत्तापूर्ण तथा उच्च शिक्षा के व्यापक विस्तार से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा। नवस्थापित 211 डिग्री महाविद्यालयों के स्थाई कैंपस का निर्माण जल्द से जल्द कराने हेतु कार्य करें।

भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्थाई कैंपस का मॉडर्न डिजाइन तैयार करें, इसमें जी 5 भवन के निर्माण का भी विकल्प रखें। सभी जिलों में स्थाई कैंपस के निर्माण हेतु भूमि के चयन में ऐसे स्थल को प्राथमिकता दी जाए, जहां प्रखंड मुख्यालय के नजदीक हो।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में विद्यालय भवनों के निर्माण की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाईगर, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अभिषेक पलासिया सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- ग्लोबल होगा बिहार का टूरिज्म और छठ महापर्व, CM सम्राट ने IFS अधिकारियों को दिया ब्रांडिंग का टास्क