बिहार में गंगा की सामुदायिक जेटियों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी, मनमाने टिकट पर लगेगी रोक
बिहार में गंगा सहित अन्य जलमार्गों पर सामुदायिक जेटियों की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था सख्त की जा रही है। यात्रियों ...और पढ़ें

क्षमता से अधिक टिकट जारी करने पर रहेगी रोक
HighLights
24 घंटे सुरक्षाकर्मी जेटियों पर तैनात रहेंगे।
नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री नहीं बैठेंगे।
गंगा में प्लास्टिक और सीवेज बहाने पर प्रतिबंध।
राज्य ब्यूरो, पटना। गंगा सहित बिहार के अन्य जलमार्गों पर बनी सामुदायिक जेटियों की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था अब सख्त होगी। जेटियों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और उससे अधिक टिकट जारी करने पर रोक रहेगी। जेटियों के बेहतर प्रबंधन, रखरखाव और सुरक्षा के लिए राज्य सरकार मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर रही है। इसके लागू होने से जलमार्गों पर यात्रियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की तैयारी है।
परिवहन विभाग की अध्यक्षता में बनेगी उच्चस्तरीय समिति
एसओपी के मसौदे के अनुसार, सामुदायिक जेटियों के संचालन, प्रबंधन और आर्थिक व्यवस्था की निगरानी के लिए परिवहन विभाग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी।
इसमें भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आइडब्ल्यूएआइ), बुडको और अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। जेटियों का निर्माण और परीक्षण पूरा होने के बाद इनके संचालन, सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
प्रवेश द्वार पर होगी सुरक्षा, टिकट वाले यात्रियों को ही मिलेगी अनुमति
जेटियों पर अनधिकृत प्रवेश और भीड़भाड़ रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और केवल टिकट वाले यात्रियों को ही नाव पर चढ़ने की अनुमति मिलेगी। प्लेटफार्म और गैंगवे पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए गेट लगाए जाएंगे। इससे नाव पर चढ़ने और उतरने के दौरान अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनेगी।
क्षमता से अधिक टिकट जारी करने पर रहेगी रोक
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नावों की निर्धारित क्षमता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी नाव की क्षमता से अधिक टिकट जारी नहीं किए जा सकेंगे। यानी नाव में जितने यात्रियों के बैठने की अनुमति होगी, उतने ही टिकट दिए जाएंगे। इससे ओवरलोडिंग पर अंकुश लगेगा और नदी में दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
जेटियों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी
जेटियों की सुरक्षा और देखभाल के लिए चौबीसों घंटे सुरक्षाकर्मियों एवं देखरेख करने वाले कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों और जिला परिवहन पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करना होगा। व्यवस्था में पारदर्शिता और लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए औचक जांच का भी प्रावधान किया जा रहा है।
गंगा में प्लास्टिक और सीवेज बहाने पर प्रतिबंध
जेटियों को स्वच्छ रखने और नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए भी सख्त प्रावधान किए जा रहे हैं। प्रत्येक जेटी पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखे जाएंगे। कचरे का प्रतिदिन उठाव सुनिश्चित किया जाएगा। नावों से प्लास्टिक, सीवेज और तेलयुक्त पानी नदी में छोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा। सफाई और कचरे के निस्तारण का दैनिक रिकार्ड भी रखा जाएगा।
नियमित जांच से सुनिश्चित होगी व्यवस्था
एसओपी में जेटियों के संचालन से लेकर साफ-सफाई, सुरक्षा और रखरखाव तक की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण भी करना होगा।
परिवहन विभाग का उद्देश्य सामुदायिक जेटियों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है, ताकि गंगा सहित अन्य जलमार्गों से सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।