राजगीर से लेकर कांवर झील तक... बिहार के 11 इको-टूरिज्म स्पॉट्स के लिए 250 करोड़ का मेगा प्लान
बिहार में 11 इको-टूरिज्म परियोजनाओं को जन-निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड पर 250 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा।

बिहार की इको-टूरिज्म के 11 स्पॉट होंगे विकसित, खर्च होंगे 250 करोड़ (AI Generated Image)
HighLights
बिहार में 11 इको-टूरिज्म परियोजनाएं चिह्नित की गईं।
250 करोड़ रुपये से पीपीपी मोड पर विकास होगा।
निजी कंपनियों की विशेषज्ञता से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में इको टूरिज्म के विकास के लिए 11 परियोजनाओं को चिह्नित किया गया है, जिन्हें करीब 250 करोड़ की राशि से विकसित किया जाएगा। यह काम सरकार जन-निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड पर करेगी।
इन परियोजनाओं में बेगूसराय की कांवर झील, खगड़िया के मानसी की केसरिया धार, वैशाली की बरैला झील, राजगीर के इको फ्रेंडली काटेज, नालंदा का इको टूरिज्म कैंप, कैमूर का तेल्हाड़ कुंड, गोपालगंज का धावे इको पार्क, भोजपुर का महर्षि विश्वामित्र पार्क, बांका का मंदार हिल नेचर ट्रेल, भागलपुर का विक्रमशिला गंगेटिक डाल्फिन आश्रयणी और गया की बराबर गुफाएं शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि ईको टूरिज्म के क्षेत्र में निजी कंपनियों की तकनीकी विशेषज्ञता, बेहतर प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और निवेश क्षमता का लाभ लिया जा सकता है। इससे इन पर्यटन स्थलों का विकास बेहतर तरीके से होगा और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
साथ ही इन परियोजनाओं का लंबे समय तक बेहतर संचालन भी सुनिश्चित हो सकेगा। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इन 11 परियोजनाओं के लिए विभाग की ओर से अब तक 25.14 करोड़ रुपये संबंधित वन प्रमंडलों को आवंटित किए जा चुके हैं।
हालांकि, अब इन योजनाओं को मौजूदा स्थिति में ही बंद कर पीपीपी मोड में नए सिरे से विकसित किया जाएगा। विभागीय स्तर पर इन योजनाओं में किसी संवेदक का चयन नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार का एकरारनामा किया गया है, इसलिए इन्हें मौजूदा स्थिति में बंद करने में कोई परेशानी नहीं होगी।
इन परियोजनाओं को पीपीपी मोड पर संचालित करने के लिए राज्य सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार सक्षम प्राधिकार से अलग से मंजूरी ली जाएगी। वित्त विभाग ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति दे दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।