विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा पर पूरे बिहार में अभेद्य सुरक्षा, 57 कंपनियां और 25 हजार जवान तैनात; 16800 पंडालों पर 24 घंटे नजर

Published: Sun, 18 Oct 2026 07:00 AM (IST)

बिहार में दुर्गा पूजा के अवसर पर 16,800 पंडालों में भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसके मद्देनजर राज्य भर में ...और पढ़ें

दुर्गा पूजा पर पूरे बिहार में अभेद्य सुरक्षा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

दुर्गा पूजा पर पूरे बिहार में अभेद्य सुरक्षा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पूरे बिहार में 16,800 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित।

  2. 57 कंपनी सुरक्षा बल, 25 हजार जवान तैनात।

  3. संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी, 24 घंटे निगरानी।

राज्य ब्यूरो, पटना। मां दुर्गा के पट खुलते ही राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मेला गुलजार हो गया है। इस वर्ष दुर्गापूजा पर करीब 16 हजार 800 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 1300 अधिक हैं। 

दुर्गा-पूजा के उत्सव को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में 57 कंपनी सुरक्षा बलों और करीब 25 हजार पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती कर दी है। इनमें 34 कंपनी बिहार विशेष सुरक्षा पुलिस, 12 कंपनी दंगा निरोधी दस्ता और 11 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। 

दस डीएसपी की प्रतिनियुक्ति शुक्रवार को ही

सुरक्षा बलों और पुलिस के साथ विशेष रूप से दस डीएसपी की प्रतिनियुक्ति शुक्रवार को ही कर दी गई है, जो प्रतिमा विसर्जन के बाद 24 अक्टूबर तक रहेगी। पूजा-पंडालों में भावनाओं को आहत करने वाली झांकी, चित्र या स्लोगन प्रदर्शित न करने का निर्देश दिया गया है। सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरण भी रखने को कहा गया है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर विशेष चौकसी बरतने और 24 घंटे गश्ती करने के आदेश दिए हैं। भारत-नेपाल बार्डर के साथ उत्तरप्रदेश, झारखंड, बंगाल से लगने वाले सीमा पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पूजा-पंडालों, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थलों पर सादे परिधानों में भी पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। 

पुलिस कमांड सेंटर से 24 घंटे निगरानी

पुलिस मुख्यालय के स्तर पर बने स्टेट पुलिस कमांड सेंटर से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म की भी सोशल मीडिया सेल के स्तर से 24 घंटे की निगरानी की जा रही है। 

किसी भी तरह के असामाजिक, अराजक और अफवाह फैलाने वाली सामग्री को तुरंत हटाने और पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। डीजी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। रात में दस बजे के बाद लाउडस्पीकर भी नहीं बजाने को कहा गया है।

पुलिस स्कॉट में निकलेगा विसर्जन जुलूस, वीडियोग्राफी भी होगी

दुर्गापूजा के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन पुलिस स्कॉट में किया जाएगा। संवेदनशील जुलूसों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। सभी जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य किया गया है। विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के लौटने तक पुलिस बल को प्रतिनियुक्त रहने का टास्क दिया गया है। 

विसर्जन जुलूस के मार्ग में पड़ने वाले दूसरे समुदायों के धार्मिक स्थलों के पास पुलिस बल और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया गया है। विसर्जन वाले नदी एवं तालाबों पर गोताखोरों और बचाव दल को तैनात रहने को कहा गया है।

सुरक्षा-व्यवस्था

  • 34 कंपनी बीसैप
  • 12 कंपनी दंगा निरोध दस्ता
  • 11 कंपनी सीएपीएफ
  • 20 हजार सिपाही
  • 5100 होमगार्ड