'शुक्रवार तक रिजल्ट नहीं आया तो करेंगे भूख हड़ताल', बिहार में फार्मासिस्ट के अभ्यर्थियों का BTSC को अल्टीमेटम
बिहार तकनीकी सेवा आयोग द्वारा डिप्लोमा फार्मासिस्ट के 2473 पदों का अंतिम परिणाम जारी न होने से अभ्यर्थी आक्रोशित हैं। ...और पढ़ें

HighLights
बीटीएससी द्वारा 2473 डिप्लोमा फार्मासिस्ट पदों का परिणाम लंबित।
शुक्रवार तक रिजल्ट न आने पर सोमवार से भूख हड़ताल।
अभ्यर्थियों ने आयोग पर जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) द्वारा डिप्लोमा फार्मासिस्ट के 2473 पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए फाइनल रिजल्ट प्रकाशित नहीं किए जाने से अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा है।
बुधवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट आर्गेनाइजेशन छात्र संघ की राज्यस्तरीय बैठक में आयोग को शुक्रवार तक का समय दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी कि शुक्रवार तक फाइनल रिजल्ट जारी नहीं हुआ तो सोमवार से आयोग के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे।
बैठक में विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बावजूद फाइनल रिजल्ट में देरी अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ है।
छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि आयोग को पत्र भेजकर शुक्रवार तक फाइनल रिजल्ट प्रकाशित करने का अनुरोध किया गया है। समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार की देरी पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
तनाव में हैं अभ्यर्थी
अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि डिप्लोमा फार्मासिस्टों की नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी आयोग द्वारा फाइनल रिजल्ट प्रकाशित नहीं किया जा रहा है।
इससे अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शुक्रवार तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया तो सोमवार सुबह 10 बजे से आयोग के मुख्य द्वार पर भूख हड़ताल करेंगे जो रिजल्ट प्रकाशित होने तक जारी रहेगी।
कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार साह ने आरोप लगाया कि आयोग जानबूझकर रिजल्ट प्रकाशन में विलंब कर रहा है। इससे डिप्लोमा फार्मासिस्ट के सफल अभ्यर्थी मानसिक तनाव झेल रहे हैं।
कार्यकारी सदस्य ऋषि राज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने पटना हाईकोर्ट में लंबित अवमाननावाद याचिका अरविंद कुमार बनाम राज्य सरकार के अनुपालन हेतु आयोग से चयन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का आग्रह किया था पर उस पर कोई कार्य नहीं हुआ।
