48 घंटे की कस्टडी पर ऑटोमेटिक सस्पेंड, मौत के बाद भी जब्त होगी काली कमाई; बिहार में भ्रष्ट अफसरों पर कसा शिकंजा
सुप्रीम कोर्ट के तीन अहम फैसलों के आलोक में बिहार में भ्रष्ट अफसरों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
लोक सेवक की मृत्यु के बाद भी संपत्ति जब्ती जारी रहेगी।
सोने के आभूषणों के वास्तविक स्रोत का हिसाब देना अनिवार्य।
48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत पर स्वतः निलंबित माना जाएगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व में दिए गए तीन अहम फैसलों के आलोक में दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए कोर्ट के आदेशानुसार उसके अनुपालन करने का निर्देश दिया है।
इन फैसलों में शीर्ष अदालत ने साफ कर दिया है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोक सेवक की मृत्यु हो जाने से संपत्ति जब्ती की कार्रवाई अपने आप खत्म नहीं होगी।
वहीं, सोने के आभूषण रखने की निर्धारित सीमा का हवाला देकर भी आय से अधिक संपत्ति के मामले में स्वतः राहत नहीं ली जा सकती है।
मौत के बाद भी हो सकती है जब्ती
पहले मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 20 मार्च 2026 को बिहार सरकार बनाम सुधा सिंह और बिहार सरकार बनाम उमा देवी मामले में फैसला सुनाया था।
अदालत ने कहा कि बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009 के तहत शुरू की गई संपत्ति जब्ती की कार्रवाई संबंधित लोक सेवक की मृत्यु के बाद भी जारी रह सकती है।
यदि अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पत्नी या दूसरे रिश्तेदारों के नाम पर है और उन्हें कार्रवाई की शुरुआत में कानूनी नोटिस दिया गया था, तो उनके खिलाफ भी जब्ती की प्रक्रिया जारी रहेगी।
संपत्ति का सोर्स बताना जरूरी
दूसरे मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दो नवंबर 2026 को बिहार सरकार बनाम फूलपरी कुमारी मामले में अहम फैसला दिया।
अदालत ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और परिवारों के लिए सोना रखने की जो सीमा बताई गई है, उसका मतलब यह नहीं है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में उतने सोने का हिसाब नहीं देना होगा।
आभूषणों के वास्तविक स्रोत और उन्हें खरीदने के लिए इस्तेमाल की गई रकम का संतोषजनक जवाब देना जरूरी है।
48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत पर स्वत: निलंबित
सुप्रीम कोर्ट ने एक और आदेश में स्पष्ट किया है कि किसी लोक सेवक के 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर वह स्वत: निलंबित माना जाएगा। इसके लिए अलग से निलंबन आदेश जारी करने की जरूरत नहीं है।
निगरानी थाना कांड संख्या 29/2025 के अभियुक्त विश्वजीत सिंह उर्फ विश्वजीत रामानंद की ओर से दायर एसएलपी पर छह नवंबर 2026 को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह बात कही।
कोर्ट ने जमानत के संबंध में भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की। उसने कहा कि जमानत पर फैसला लेते समय अपराध में निर्धारित अधिकतम सजा को ध्यान में रखना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने भ्रष्टाचार से जुड़े तीन मामलों में महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के आधार पर अफसरों को कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। - जितेंद्र सिंह गंगवार, डीजी, निगरानी