2015 में 27 सीटें, अब सिर्फ छह; बिहार में सियासी वापसी के लिए कांग्रेस ने चुना संविधान का मुद्दा
बिहार कांग्रेस अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने और संगठन को सक्रिय करने के लिए 26 नवंबर को पटना में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी।

बिहार कांग्रेस में नई जान फूंकने की तैयारी। जागरण ग्राफिक्स
HighLights
कांग्रेस 26 नवंबर को पटना में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी।
मार्च का उद्देश्य संगठन को सक्रिय करना और प्रासंगिकता बनाए रखना है।
पार्टी की सीटें 2015 के 27 से घटकर अब 6 रह गई हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने की चुनौती से जूझ रही बिहार कांग्रेस अब संविधान के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पटना में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इसके जरिए वह एक तरफ लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का सवाल उठाएगी।
वहीं दूसरी तरफ लंबे समय से सुस्त पड़े संगठन और कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने की कोशिश करेगी। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने अपने भावी आयोजन की जानकारी सभी जिलों को भेज दी है।
नेताओं-कार्यकर्ताओं को सौंपा गया टास्क
साथ ही पार्टी के जिला-प्रखंड और पंचायत स्तर के नेताओं-कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में संविधान रक्षा मार्च में शामिल हों।
पार्टी भले ही आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रयासों में जुटी हो, लेकिन अंदरखाने यह चर्चा नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच है कि कांग्रेस के लिए अपनी सियासी ताकत का प्रदर्शन करना आसान नहीं है।
2015 के चुनाव में कमोबेश ठीक प्रदर्शन करने वाली पार्टी इसके बाद के चुनावों में लगातार लड़खड़ाती रही। 2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 27 सीटें जीती थी।
इसके बाद 2020 के चुनाव में पार्टी घटकर 19 और 2025 के चुनाव में महज छह सीटों पर सिमट गई। चुनावी नतीजों ने पार्टी के जनाधार के साथ उसके सांगठनिक ढांचे की मजबूती पर भी सवाल खड़े किए हैं।
पार्टी नेतृत्व को लेकर नाराजगी
यही नहीं पार्टी के भीतर भी नेताओं-कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है। प्रदेश नेतृत्व को लेकर नाराजगी, नेताओं के बीच खींचतान और संगठनात्मक फैसलों पर उठते सवालों ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद के बावजूद पार्टी के सामने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और नेतृत्व के प्रति भरोसा कायम करने की चुनौती है।
ऐसे में संविधान रक्षा मार्च की सफलता को लेकर पार्टी के अंदर ही सवाल उठ रहे हैं। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने सभी सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, जिला अध्यक्षों और मोर्चा संगठनों को पत्र भेजकर बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।
पार्टी सूत्रों ने बताया 26 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे पटना हाईकोर्ट के समीप आंबेडकर प्रतिमा स्थल से मार्च शुरू होगा।
यह दरोगा प्रसाद राय पथ होते हुए शहीद स्मारक पहुंचेगा। वहां संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा। इसी प्रकार का आयोजन जिलाें में भी प्रस्तावित है।