विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में छठ घाटों पर हादसे रोकने के लिए सरकार अलर्ट, सभी जिलों को नौ सूत्री सुरक्षा निर्देश

Published: Mon, 09 Nov 2026 09:14 PM (IST)

बिहार सरकार ने छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारी तेज कर दी ...और पढ़ें

पटना में छठ पूजा की तैयारी शुरू। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना में छठ पूजा की तैयारी शुरू। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

HighLights

  1. खतरनाक घाटों की पहचान कर बैरिकेडिंग और सुरक्षाबल तैनात होंगे।

  2. घाटों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती होगी।

  3. पटाखों की बिक्री और निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। छठ महापर्व (13 से 16 नवंबर) के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को नौ प्रमुख निर्देश जारी किए हैं। इनमें डूबने की घटनाओं, भगदड़ और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए पहले से पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है।

खतरनाक घाटों की पहचान, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। विभाग ने पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का भी अनिवार्य रूप से पालन कराने को कहा है।

छठ घाटों की सुरक्षा के लिए नौ सूत्री निर्देश

1. खतरनाक घाटों की पहचान और बैरिकेडिंग

सभी जिलों में खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराई जाएगी। प्रत्येक घाट पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करनी होगी।

2. एंबुलेंस और मेडिकल टीम रहेगी तैनात

घाटों पर चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखनी होगी। एंबुलेंस, त्वरित चिकित्सा दल और क्विक मेडिकल रिस्पांस टीम (क्यूएमआरटी) की तैनाती की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके।

3. गोताखोरों और मोटरबोट की रहेगी व्यवस्था

नदी और तालाबों के घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य होगी। उनके पास लाइफ जैकेट, इन्फ्लैटेबल मोटरबोट और उपलब्धतानुसार देसी नावें भी रहेंगी, ताकि डूबने की घटनाओं में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके।

4. घाटों और रास्तों में पर्याप्त रोशनी

अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करनी होगी। जिन जिलों को इन्फ्लैटेबल इमरजेंसी लाइटिंग सिस्टम (आईईएलएस) उपलब्ध कराया गया है, वे जरूरत के अनुसार इसका इस्तेमाल करेंगे।

5. कंट्रोल रूम का चौबीसों घंटे संचालन

जिला स्तर पर कंट्रोल रूम निर्बाध रूप से संचालित होगा। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) को देनी होगी।

6. घाटों पर पटाखों की बिक्री और उपयोग प्रतिबंधित

नदी घाटों और तालाबों के आसपास पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। इसका सख्ती से पालन कराने के लिए लगातार निगरानी करनी होगी।

7. निजी नावों के परिचालन पर पूरी रोक

नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी। इसके अनुपालन के लिए घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और चौकीदारों की तैनाती कर निगरानी की जाएगी।

8. पहले से तैयार होगी कार्ययोजना और कम्युनिकेशन प्लान

सभी जिलों को छठ पर्व के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार करनी होगी। विभिन्न विभागों और बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय के लिए कम्युनिकेशन प्लान भी बनाया जाएगा।

9. छठ समितियों के साथ बैठक और प्रशिक्षण

जिला प्रशासन छठ पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर समन्वय स्थापित करेगा। समितियों के सदस्यों को जरूरी प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावी ढंग से काम किया जा सके।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन सहायता के लिए श्रद्धालु राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

  • राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी): 0612-2294204 / 0612-2294205
  • आपदा प्रबंधन आपातकालीन सहायता नंबर: 1070

यह भी पढ़ें- पटना में छठ के चूल्हे गढ़ रहीं मुस्लिम महिलाएं, घर में लहसुन-प्याज तक छूना बंद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।