Chhath Puja 2026: महंगी फ्लाइट और वेटिंग टिकट को बिहारी जुगाड़ ने दी मात! ऑटो और कार से छठ मनाने पहुंच गए घर
छठ पूजा( Chhath Puja 2026) के दौरान हवाई जहाज और ट्रेनों के महंगे किराए व लंबी वेटिंग लिस्ट के बावजूद, ...और पढ़ें

ऑटो और कार से छठ मनाने पहुंच गए घर
HighLights
महंगे हवाई किराए और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट
बिहारियों ने निजी वाहनों से सड़क मार्ग चुना घर लौटने को
प्रति व्यक्ति खर्च घटकर लगभग 4,500 रुपये हुआ
डिजिटल डेस्क, पटना। आस्था का महापर्व छठ केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, परिवार और संस्कृति से जुड़ने का एक गहरा माध्यम है। छठ का त्यौहार आते ही देश के अलग-अलग कोने में मौजूद बिहारी अपने घर लौटने को लेकर उत्साहित रहते हैं।
इस बार छठ के दौरान यात्रा के पारंपरिक साधनों हवाई जहाज और ट्रेनों में भारी भीड़ और आसमान छूते किराए के बावजूद, लोगों ने हार मानने के बजाय अपनी सूझबूझ, सामूहिक सहयोग और आत्मनिर्भरता की एक नई मिसाल पेश की है।
त्योहारी सीजन में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों से पटना जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में भारी उछाल देखने को मिला, वहीं ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग लिस्ट थी। लेकिन बिहार पहुंचने के अटूट संकल्प के आगे यह चुनौती भी छोटी पड़ गई।
इस बार एक बेहद सकारात्मक और नया ट्रेंड देखने को मिला देश के विभिन्न महानगरों से लोग निजी वाहनों (कार, एसयूवी और अन्य गाड़ियों) से लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ सड़क मार्ग से बिहार अपने घर के लिए रवाना हुए।
प्रति व्यक्ति खर्च घटकर लगभग 4,500 रुपये
यह कदम न केवल भावनात्मक रूप से संतोषजनक रहा, बल्कि आर्थिक रूप से भी बेहद व्यावहारिक साबित हुआ। जहां एक व्यक्ति के हवाई सफर का खर्च लगभग 18,000 रुपये तक पहुंच रहा था, वहीं चार दोस्तों या परिवार के सदस्यों ने मिलकर उतने ही खर्च (ईंधन और टोल मिलाकर) में आरामदायक रोड ट्रिप के जरिए घर का सफर तय किया।
इससे प्रति व्यक्ति खर्च घटकर लगभग 4,500 रुपये रह गया। इसके साथ ही, लोगों को पूजा का सामान, ठेकुआ, सूप और दउरा ले जाने में भी पूरी सहूलियत मिली और वे सीधे अपने घर के दरवाजे तक पहुंच सके।
बेंगलुरु और दिल्ली से पहुंचे लोग
इस दौरान कुछ युवाओं के जज्बे ने सबका ध्यान खींचा, जो बेंगलुरु से 2,200 किलोमीटर और दिल्ली से 1,200 किलोमीटर का सफर तय कर अपने घरों (मोतिहारी और मधुबनी) पहुंचे। यह बदलते और सशक्त होते बिहार की तस्वीर भी पेश करता है जहां आज युवा आईटी, कॉर्पोरेट और व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं और अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा के विकल्प चुनने में सक्षम हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।