बिहार छठ घाटों पर बिजली गुल तो पहुंचेगी टीम, 845 बिजलीकर्मी संभालेंगे मोर्चा; 14 कंट्रोल रूम से होगी 24 घंटे निगरानी
बिहार ऊर्जा विभाग दीपावली और छठ महापर्व पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पूरी तरह तैयार है, मुख्यालय से प्रमंडल ...और पढ़ें

छठ घाटों पर बिजली गुल हुई तो तुरंत पहुंचेगी टीम
HighLights
त्योहारों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु ऊर्जा विभाग अलर्ट।
पटना के छठ घाटों पर 14 कंट्रोल रूम, 845 कर्मी तैनात।
जर्जर तारों को बदलकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही।
राज्य ब्यूरो, पटना। दीपावली और छठ महापर्व पर बिजली आपूर्ति में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए बिहार का ऊर्जा विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बिजली की समस्या होने पर तत्काल समाधान के लिए मुख्यालय से लेकर प्रमंडल स्तर तक 24 घंटे कंट्रोल रूम काम करेंगे।
पटना में छठ घाटों की बिजली व्यवस्था संभालने के लिए विशेष तैयारी की गई है। पेसू क्षेत्र के 23 मुख्य और 68 अन्य छठ घाटों पर 14 अस्थायी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। यहां 152 पदाधिकारी और 845 तकनीकी विद्युतकर्मी तैनात रहेंगे।
छठ घाटों पर बिजली गुल हुई तो तुरंत पहुंचेगी टीम
त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ऊर्जा विभाग ने अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
शनिवार को विद्युत भवन में हुई बैठक में साउथ बिहार और नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। फील्ड से विद्युत अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंता भी बैठक से जुड़े। इसमें इस साल बिजली की संभावित मांग का आकलन कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।
24 घंटे खुले रहेंगे कंट्रोल रूम, मुख्यालय से होगी निगरानी
दीपावली और छठ के दौरान बिजली से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के लिए मुख्यालय से लेकर प्रमंडल स्तर तक 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंगे।
इन कंट्रोल रूम के माध्यम से बिजली आपूर्ति की निगरानी की जाएगी। कहीं तकनीकी खराबी या बिजली बाधित होने की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजा जाएगा।
छठ घाटों पर बदले जा रहे जर्जर तार, पोल भी होंगे सुरक्षित
छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में बिजली के तारों और खंभों से किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
जर्जर बिजली तारों को बदला जा रहा है। जरूरत के अनुसार 11 केवी के खुले तारों की जगह कवर्ड कंडक्टर लगाए जा रहे हैं। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगे लोहे के बिजली पोलों को भी सुरक्षित किया जा रहा है।
नंगे तारों की जगह लग रही एबी केबल, ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग पूरी
बिजली विभाग की ओर से एलटी के नंगे तारों को बदलकर एबी केबल लगाने का काम भी किया जा रहा है। इसके अलावा छठ घाटों के आसपास लगे वितरण ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग का काम पूरा कर लिया गया है।
ट्रांसफार्मर खराब होने या जलने की स्थिति में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
घाटों पर तैनात होगी फ्यूज कॉल गैंग, शिकायतों का होगा तुरंत समाधान
छठ घाटों पर बिजली संबंधी शिकायतों को दूर करने के लिए अस्थायी फ्यूज कॉल गैंग भी तैनात किए जाएंगे। इनकी जिम्मेदारी बिजली से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करना होगा।
इससे घाटों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने या किसी उपकरण में खराबी आने पर श्रद्धालुओं को लंबे समय तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
845 बिजलीकर्मियों को मिलेगी वाकी-टाकी और सुरक्षा किट
पटना के पेसू क्षेत्र के छठ घाटों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए विशेष संचार व्यवस्था की गई है। पटना और देव (औरंगाबाद) क्षेत्र के संबंधित कर्मियों को मोबाइल के साथ वाकी-टाकी भी उपलब्ध कराए गए हैं।
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को रेट्रो-रिफ्लेक्टिव जैकेट, ब्लू जैकेट और सुरक्षा किट दी गई है। इससे रात के समय काम करने वाले कर्मचारियों की पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
दीपावली से छठ तक बिजली विभाग की रहेगी अग्निपरीक्षा
त्योहारों के दौरान बिजली की बढ़ती मांग और छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ऊर्जा विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अतिरिक्त ट्रांसफार्मर, सुरक्षित तार, अस्थायी कंट्रोल रूम और तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती के जरिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।