विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर बिहार कैबिनेट ने जताया आभार, 13 लाख करोड़ के सहयोग का किया जिक्र

Published: Mon, 12 Oct 2026 06:51 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 12 Oct 2026 07:21 PM (GMT+05:30)

बिहार मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी।

पीएम मोदी और सीएम सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)

पीएम मोदी और सीएम सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बिहार कैबिनेट ने पीएम मोदी को जनसेवा पर बधाई दी।

  2. मुख्यमंत्री ने केंद्र से मिले 13 लाख करोड़ का आभार जताया।

  3. विकसित भारत 2047 में बिहार की सक्रिय भागीदारी का संकल्प।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई देने का प्रस्ताव पारित किया गया।

प्रस्ताव में कहा गया कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार को विकास की दिशा में केंद्र सरकार का उल्लेखनीय सहयोग मिला है।

कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्य सचिवालय सभागार में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के वंचित और गरीब वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता प्रेरणादायी है। पिछले 12 वर्षों में बिहार को केंद्र से मिले सहयोग के लिए उन्होंने राज्य सरकार की ओर से आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बिहार को उद्यमिता, रोजगार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए काम करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा में राष्ट्र और नागरिकों के हित को सर्वोपरि रखा है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने खुद को प्रधान सेवक के रूप में प्रस्तुत किया और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी।

केंद्र सरकार ने गरीबों के लिए किया काम

चौधरी ने कहा कि गरीबों को पक्के मकान, शौचालय, सड़क, पुल, एलपीजी कनेक्शन और बिजली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार ने लगातार काम किया है।

उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान बिहार को केंद्र से 13 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। राज्य से जुड़ी लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में भी केंद्र का सहयोग मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार मंत्रिमंडल ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में राज्य की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है।

इसके लिए बिहार को निवेश, रोजगार और उद्यमिता का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास तेज किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उनके दीर्घायु होने और देश की जनता की सेवा जारी रखने की कामना की।

यह भी पढ़ें- सम्राट कैबिनेट के 24 फैसले: दरभंगा में कार्गो हब के लिए 226 करोड़ मंजूर, गांवों की सड़कों की भी होगी मरम्मत