कैबिनेट का बड़ा फैसला: बिहार में भवन निर्माण की मंजूरी होगी आसान, 30 दिन में नक्शा पास नहीं तो अपने आप मिलेगी मंजूरी
बिहार मंत्रिमंडल ने भवन निर्माण की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए बिहार भवन उपविधि-2026 को मंजूरी दी है। अब ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
HighLights
30 दिन में नक्शा पास न होने पर स्वतः स्वीकृति।
भवनों की ऊंचाई और जोखिम के आधार पर श्रेणियां निर्धारित।
ग्रीन बिल्डिंग को अतिरिक्त एफएआर का विशेष प्रोत्साहन।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में अब मकान या व्यावसायिक भवन बनाने के लिए नक्शा पास कराने की लंबी प्रक्रिया से राहत मिलने वाली है। राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार भवन उपविधि-2026 को मंजूरी दे दी है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद भवन निर्माण की अनुमति प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। सबसे बड़ी राहत यह है कि आवेदन के 30 दिनों के भीतर नक्शे पर निर्णय नहीं होने की स्थिति में स्वत: स्वीकृति (डीम्ड अप्रूवल) का प्रविधान किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
2014 के नियम होंगे खत्म, ऊंचाई और जोखिम के आधार पर मिलेगी मंजूरी
नई भवन उपविधि लागू होने के बाद बिहार भवन उपविधि-2014 निरस्त हो जाएगी। नए नियमों में भवनों को उनकी ऊंचाई और जोखिम के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इसका उद्देश्य छोटे मकान से लेकर बड़ी बहुमंजिला इमारतों तक के निर्माण की अनुमति को अलग-अलग तकनीकी मानकों के अनुरूप आसान बनाना है।
10 मीटर तक के भवनों के लिए स्व-घोषणा से मिलेगा परमिट
नई व्यवस्था के तहत 10 मीटर तक ऊंचे आवासीय और व्यावसायिक भवन निम्न जोखिम श्रेणी में रखे गए हैं। ऐसे भवनों के लिए स्व-घोषणा के आधार पर त्वरित भवन परमिट लेने का रास्ता खुलेगा।
वहीं, 10 मीटर से अधिक और 24 मीटर तक ऊंचे भवन मध्यम जोखिम की श्रेणी में आएंगे। इनके नक्शे की तकनीकी स्वीकृति वास्तुविद के स्तर पर होगी।
24 मीटर से ऊंची इमारतों के लिए नगर निकाय से लेनी होगी मंजूरी
24 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले भवन उच्च जोखिम श्रेणी में रखे गए हैं। ऐसे भवनों के निर्माण के लिए संबंधित नगर निकाय अथवा प्राधिकरण से मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। इस तरह भवन की ऊंचाई और उससे जुड़े सुरक्षा जोखिम के अनुसार अनुमति की प्रक्रिया तय की गई है।
सभी भूखंडों पर बेस एफएआर 3.0, ऊंची इमारतों का रास्ता होगा आसान
नई उपविधि में सभी भूखंडों के लिए एक समान बेस फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) 3.0 निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रीमियम एफएआर असीमित रूप से खरीदने की व्यवस्था का प्रविधान किया गया है।
भवनों की अधिकतम ऊंचाई पर लगी पाबंदियों में भी उदारीकरण किया गया है। वैधानिक और सुरक्षा संबंधी शर्तों के अधीन अधिकतम ऊंचाई की निर्धारित सीमा हटाने का प्रस्ताव है। इससे शहरी क्षेत्रों में ऊंची इमारतों के निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा।
चारों तरफ नहीं, अब एक तरफ सेटबैक; आपातकालीन वाहनों को मिलेगी जगह
भवन निर्माण के नियमों में सेटबैक को लेकर भी बदलाव किया गया है। अब भवन के चारों तरफ सेटबैक रखने की जगह केवल एक तरफ सेटबैक का प्रविधान किया गया है, ताकि आपातकालीन वाहन भवन के पिछले हिस्से तक पहुंच सकें।
15 मीटर तक ऊंचे भवन के लिए 3.7 मीटर सेटबैक रखना होगा। इसके बाद प्रत्येक तीन मीटर अतिरिक्त ऊंचाई पर 0.3 मीटर सेटबैक बढ़ेगा। अधिकतम सेटबैक नौ मीटर निर्धारित किया गया है। हालांकि, निर्धारित आकार के छोटे भवनों को इससे छूट मिलेगी।
हर आवासीय इकाई पर एक कार पार्किंग अनिवार्य, मंजिलों पर भी मिलेगी सुविधा
नई उपविधि में पार्किंग के नियम भी बदले गए हैं। पार्किंग की गणना प्रति कार 15 वर्गमीटर के आधार पर होगी। आवासीय भवनों में प्रत्येक आवासीय इकाई के लिए एक कार पार्किंग अनिवार्य होगी।
शैक्षणिक, व्यावसायिक और संस्थागत भवनों में प्रत्येक 100 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्र पर एक कार पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। वहीं, औद्योगिक और भंडारण भवनों में प्रत्येक 300 वर्गमीटर पर एक कार पार्किंग अनिवार्य होगी। सभी मंजिलों पर पार्किंग की अनुमति होगी और अनिवार्य पार्किंग क्षेत्र को एफएआर की गणना से बाहर रखा जाएगा।
ग्रीन बिल्डिंग बनाने पर मिलेगा 15 प्रतिशत तक अतिरिक्त एफएआर
पर्यावरण के अनुकूल भवन निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नई उपविधि में विशेष प्रोत्साहन का प्रविधान किया गया है। जीआरआइएचए, आइजीबीसी और ईसीबीसी की मान्यता प्राप्त रेटिंग प्रणाली के तहत प्रमाणित ग्रीन बिल्डिंग को अतिरिक्त एफएआर मिलेगा।
तीन स्टार रेटिंग पर पांच प्रतिशत, चार स्टार पर 10 प्रतिशत और पांच स्टार पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त एफएआर दिया जाएगा। इससे पर्यावरण के अनुकूल निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
नक्शे की वैधता पांच वर्ष, अग्नि एनओसी के लिए नहीं लगाना होगा अलग चक्कर
नई व्यवस्था में भवन नक्शे की वैधता पांच वर्ष निर्धारित की गई है। निर्धारित शुल्क जमा करने पर इसका स्वत: नवीकरण कराया जा सकेगा। पहले से बने भवनों को भी तय प्रक्रिया और शुल्क के आधार पर भवन परमिट लेने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा भवन परमिट के साथ ही अग्नि अनापत्ति प्रमाणपत्र (फायर एनओसी) की व्यवस्था समाहित करने का प्रविधान है। इससे अलग से एनओसी लेने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। नई उपविधि के लागू होने से भवन निर्माण की अनुमति लेने में लगने वाला समय और प्रक्रियागत परेशानी कम होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।