Bihar Building Bylaws: बिहार में ऊंची इमारत बनाने से पहले सड़क के लिए छोड़नी होगी जमीन, नए बिल्डिंग बायलाज में प्रावधान
Bihar Building Bylaws: बिहार सरकार ने नए बिल्डिंग बायलाज लागू किए हैं, जिसके तहत संकरी सड़कों पर ऊंची इमारत बनाने से पहले भूखंड मालिकों को सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन छोड़नी होगी।

सड़क चौड़ी करने के लिए दोनों तरफ के मालिकों को देनी होगी जमीन
HighLights
ऊंची इमारत निर्माण हेतु 3.7 मीटर चौड़ी सड़क अनिवार्य।
सड़क के लिए जमीन देने पर एफएआर का लाभ मिलेगा।
ऊंची इमारतों में आईटी कक्ष, बिजली तारों से दूरी भी आवश्यक।
राज्य ब्यूरो, पटना। अब प्रदेश में संकरी सड़क वाले इलाकों में ऊंची इमारत बनाने के लिए भूखंड मालिकों को पहले सड़क के लिए अपनी जमीन छोड़नी होगी। सड़क की चौड़ाई कम से कम 3.7 मीटर होने पर ही भवन निर्माण की अनुमति मिल सकेगी। राज्य सरकार के नए बिल्डिंग बायलाज में यह व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य शहरों में ऊंची इमारतों के साथ आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता सुनिश्चित करना है।
सड़क चौड़ी करने के लिए दोनों तरफ के मालिकों को देनी होगी जमीन
नए नियम के अनुसार, हर भवन या भूखंड के सामने कम से कम 3.7 मीटर चौड़ा सार्वजनिक या निजी रास्ता होना जरूरी है। यदि किसी मोहल्ले में सड़क इससे कम चौड़ी है तो उसे चौड़ा करने के लिए दोनों तरफ के भूखंड मालिकों को जमीन छोड़नी होगी।
जमीन का निर्धारण सड़क की मौजूदा मध्य रेखा को आधार बनाकर किया जाएगा। इससे किसी एक तरफ के भूखंड मालिक पर पूरी जिम्मेदारी नहीं पड़ेगी।
जमीन देने पर एफएआर का मिलेगा लाभ
भूखंड मालिकों को स्वेच्छा से सड़क निर्माण के लिए जमीन देने की जानकारी शपथ पत्र के माध्यम से संबंधित प्राधिकरण को देनी होगी। सरकार ने इसके बदले उन्हें राहत भी दी है।
सड़क के लिए छोड़ी गई जमीन को भूखंड के कुल क्षेत्रफल में शामिल मानकर एफएआर की गणना की जाएगी। इससे जमीन छोड़ने के बावजूद मालिक को मिलने वाले एफएआर का लाभ शेष भूखंड पर निर्माण में मिल सकेगा।
ऊंची इमारतों में आइटी कक्ष बनाना भी अनिवार्य
नए बायलाज में ऊंची इमारतों के लिए अलग सूचना एवं संचार (आइटी) कक्ष बनाना भी अनिवार्य किया गया है। यह कक्ष मुख्य प्रवेश द्वार के पास होगा। इसकी लंबाई तीन मीटर, चौड़ाई चार मीटर और ऊंचाई तीन मीटर रखनी होगी।
इसमें बाहर की ओर खुलने वाले दो अग्निरोधी दरवाजे और हवा आने-जाने की उचित व्यवस्था करनी होगी। इस कक्ष को एफएआर की गणना से बाहर रखा गया है।
बिजली तारों से भी रखनी होगी निर्धारित सुरक्षित दूरी
भवन निर्माण के दौरान बालकनी, छज्जा या बरामदा बिजली की गुजरती लाइन के बहुत पास नहीं बनाया जा सकेगा। बिजली तारों और भवन के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी रखना अनिवार्य होगा। यह नियम नए भवनों के साथ पुराने भवनों के विस्तार और पुनर्निर्माण पर भी लागू होगा।
हाईवे से सीधे रास्ते के लिए एनओसी जरूरी
राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और द्रुतमार्ग से सीधे भवन तक रास्ता बनाने के लिए संबंधित प्राधिकरण से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) लेना जरूरी होगा।
बिजली लाइनों से भवन की न्यूनतम दूरी
| बिजली लाइन की क्षमता | ऊपर से न्यूनतम दूरी | अगल-बगल न्यूनतम दूरी |
| 650 से 11 हजार वोल्ट तक | 3.7 मीटर | 1.2 मीटर |
| 11 हजार से 33 हजार वोल्ट तक | 3.7 मीटर | 2 मीटर |
| 33 हजार वोल्ट से अधिक | 3.7 मीटर से अधिक | 2 मीटर से अधिक |
यह भी पढ़ें- बिहार में बिल्डिंग बनाने के नियम बदले: छोटी जमीन पर अब बन सकेंगे बड़े कॉमर्शियल भवन, सेटबैक में बड़ी राहत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।