सेल्फ अप्रूवल से पास होगा नक्शा, फायर NOC से छूट; बिहार में नए बिल्डिंग बायलॉज की पूरी जानकारी
बिहार में नए बिल्डिंग बायलॉज 2026 के तहत कुछ भवनों के निर्माण में स्व-प्रमाणन की सुविधा दी गई है, जिससे फायर एनओसी की आवश्यकता नहीं होगी।

एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
नए बायलाज में कुछ भवनों को स्व-प्रमाणन की सुविधा।
फायर एनओसी की जरूरत नहीं, पर सुरक्षा उपाय अनिवार्य।
नियमों की अनदेखी पर भवन सील करने का प्रावधान।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में लागू नए बिल्डिंग बायलॉज 2026 के तहत कुछ श्रेणी के भवनों के निर्माण में स्व-प्रमाणन (सेल्फ अप्रूवल) की सुविधा दी गई है।
इससे भवन निर्माण की अनुमति लेने की प्रक्रिया आसान होगी और फायर एनओसी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भवन मालिक अग्नि सुरक्षा के नियमों से मुक्त हो जाएंगे। उन्हें भवन में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने होंगे। नियमों की अनदेखी करने पर भवन सील भी किया जा सकेगा।
पैनलबद्ध टेक्नीशियन की बड़ी जिम्मेदारी
नगर विकास विभाग की जानकारी के अनुसार नए बिल्डिंग बायलॉज के प्रविधान के अनुसार सेल्फ अप्रूवल के दायरे में आने वाले भवनों की योजना तैयार करने वाले पैनलबद्ध टेक्नीशियन की जिम्मेदारी होगी कि वे अग्नि सुरक्षा के जरूरी उपाय सुनिश्चित करें।
इसमें अग्निशामक यंत्र, आग लगने की स्थिति में बाहर निकलने के सुरक्षित रास्ते, अग्नि अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, होज और आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी का भंडारण शामिल है। यानी फायर एनओसी से छूट मिलने के बावजूद भवन में आग से बचाव की व्यवस्था अनिवार्य रहेगी।
सरकार कभी भी जांच के लिए होगी स्वतंत्र
सेल्फ अप्रूवल के तहत भवन योजना की मंजूरी मिलने के बाद सरकार कभी भी अग्नि सुरक्षा की जांच करा सकती है।
बिहार अग्नि सुरक्षा अधिनियम, 2014 के तहत पैनलबद्ध तीसरे पक्ष के अग्नि परामर्शदाता या विभागीय अग्निशमन अधिकारी भवन का अग्नि आडिट कर सकेंगे।
जांच में सुरक्षा इंतजामों में कमी मिलने पर भवन मालिक को जरूरी सुधार करने का निर्देश दिया जाएगा। इसका पालन नहीं करने पर भवन सील कर दिया जाएगा।
बायलॉज के कुछ स्पष्ट प्रविधान
- बायलॉज में निर्माण की अनुमति लेने की प्रक्रिया स्पष्ट की गई है
- जमीन का विकास करने, नया भवन बनाने, पुराने भवन का पुनर्निर्माण, विस्तार या बदलाव करने और भवन ध्वस्त करने को देना होगा आवेदन
- इसके लिए ऑनलाइन सुविधा का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
- किसी भूखंड का बंटवारा या दो भूखंडों का एकीकरण कर विकास करने के लिए निर्धारित शुल्क चुकाना होगा
- नए नियमों में भवन योजनाओं के नक्शे और उनके अलग-अलग हिस्सों को तय मानकों के अनुसार रंगों और संकेतों के साथ दिखाना जरूरी