बिहार के ईंट-भट्ठा कारोबारियों को बड़ी राहत, 20 दिसंबर तक चुकाएं बकाया और पाएं ब्याज माफी
राज्य के ईंट-भट्ठा कारोबारियों के लिए पुराने बकाये के निपटारे हेतु एकमुश्त समाधान योजना लागू की गई है। इसके तहत ...और पढ़ें

ईंट का भट्ठा। फाइल फोटो
HighLights
ईंट-भट्ठा कारोबारियों के लिए पुराने बकाये के निपटारे हेतु योजना लागू।
20 दिसंबर तक मूल बकाया राशि जमा कर ब्याज माफी पाएं।
खान एवं भूतत्व विभाग ने बकायेदारों की परेशानी देख योजना बनाई।
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के ईंट-भट्ठा कारोबारियों के लिए पुराने बकाये के निपटारे की एकमुश्त समाधान योजना लागू कर दी गई है। इसके तहत कारोबारी 20 दिसंबर तक बकाये की एकमुश्त राशि जमा कर योजना का लाभ ले सकेंगे।
इसमें बकाये पर लगने वाली ब्याज की राशि को छोड़ दिया जाएगा। मूल राजस्व की राशि जमा करने के बाद संबंधित नीलाम पत्र वाद का निपटारा कर दिया जाएगा।
खान एवं भूतत्व विभाग के अनुसार राज्य के 38 जिलों में वित्तीय वर्ष 2024-25 तक ईंट-भट्ठों पर 226.40 करोड़ रुपये राजस्व बकाया था। इसपर 90.26 करोड़ रुपये जुर्माना व ब्याज के रूप में लगाया गया है।
इस तरह कुल बकाया 316.66 करोड़ रुपये हुआ। इसमें से नीलाम पत्र वाद और प्राथमिकी के माध्यम से 27.28 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है।
अभी 289.38 करोड़ रुपये बकाया हैं। जिसे चुकाने के लिए सरकार ने एकमुश्त जमा योजना लागू की है। योजना के तहत नीलाम पत्र वाद में दर्ज कुल बकाये में से ब्याज की राशि को हटाकर शेष रकम जमा करनी होगी।
राशि जमा होने के बाद खान एवं भूतत्व विभाग संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारी को लिखित रूप से सूचित करेगा कि अब संबंधित कारोबारी पर कोई मांग बकाया नहीं है।
इसके आधार पर नीलाम पत्र पदाधिकारी वाद का निपटारा कर सकेंगे। विभाग ने लगातार बढ़ रही ब्याज की राशि और बकायेदारों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह योजना लागू की है।
यह भी पढ़ें- नवजात और गंभीर बच्चों के इलाज में मिलेगी बड़ी राहत, पटना PMCH में 58 बेड का नीकू और 20 बेड का पीकू वार्ड तैयार
