बिहार विधानसभा के आसपास लगेगा कर्फ्यू, 2 किलोमीटर के दायरे में जमावड़ा या प्रदर्शन पर रोक
पटना में विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर के 2 किमी से अधिक क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

बिहार विधानसभा। फाइल फोटो
HighLights
विधानसभा सत्र के दौरान 2 किमी क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई।
पांच से अधिक व्यक्तियों के जमावड़े, धरना-प्रदर्शन पर रोक।
सुरक्षा व विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु यह आदेश प्रभावी।
जागरण संवाददाता, पटना। विधानसभा के आगामी सत्र के दौरान राजधानी में सुरक्षा व विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर और उसके आसपास के दो किलोमीटर से अधिक के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की है।
30 नवंबर से चार दिसंबर विधानसभा सत्र की समाप्ति तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश प्रभावी रहेगा।
इस दौरान पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के गैरकानूनी जमावड़े, धरना-प्रदर्शन, जुलूस, घेराव और बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी।
डीएम के निर्देश के आलोक में बुधवार को पटना सदर की अनुमंडल पदाधिकारी कृतिका मिश्रा ने यह आदेश जारी किया है।
विधानसभा सत्र के दौरान विभिन्न संगठनों, संस्थाओं व राजनीतिक दलों द्वारा प्रदर्शन, जुलूस और विधानसभा घेराव की आशंका को देखते हुए यह प्रतिबंध लागू किया गया है।
इससे विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को परेशानी हो सकती है। इसी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रतिबंध लगाए गए हैं।
विधानसभा सत्र के दौरान इस क्षेत्र में जाने वाले लोगों को निर्धारित प्रतिबंधों का ध्यान रखना होगा। विधानसभा परिसर के आसपास आवागमन की योजना बनाते समय पुलिस व प्रशासन के निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।
इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
- पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का गैरकानूनी जमावड़ा नहीं हो सकेगा।
- किसी भी तरह का प्रदर्शन, जुलूस, धरना और घेराव प्रतिबंधित रहेगा।
- आग्नेयास्त्र, गोली-बारूद और विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर रोक रहेगी।
- फरसा, गड़ासा, भाला, छुरी समेत किसी भी तरह के घातक हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।
- बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रतिबंध की चौहद्दी
- उत्तर-पूर्व : पटना-दीघा घाट सड़क और आर ब्लाक गोलंबर का पूर्वी गेट।
- दक्षिण : पटना-दानापुर मुख्य रेल पथ।
- पश्चिम एवं दक्षिण-पश्चिम : पटना-अनिसाबाद रेलवे क्रासिंग से बेली रोड, नया हवाई अड्डा और बिहार पशु चिकित्सा महाविद्यालय रोड तक का क्षेत्र।
- अन्य सीमाएं : इंदिरा भवन, विश्वेश्वरैया भवन (निर्माण भवन) के उत्तर का क्षेत्र, चाणक्य आफिसर्स फ्लैट, दीघा रेलवे क्रासिंग के उत्तर स्थित वनस्पति उद्यान और विधानसभा के आसपास के निर्धारित प्रवेश मार्ग।
इन्हें प्रतिबंध से छूट
आदेश में कुछ श्रेणियों को निषेधाज्ञा से छूट दी गई है। इनमें सरकारी पदाधिकारी, पुलिस एवं सैन्य बल के सरकारी कर्मचारी, विधानसभा-विधान परिषद और संसद के सदस्य, दोनों सदनों में नियुक्त या प्रतिनियुक्त कर्मचारी तथा संबंधित सचिवालय से पास प्राप्त व्यक्ति शामिल हैं।
सरकारी सेवा में कार्यरत और विधानसभा अथवा विधान परिषद सचिवालय से अधिकृत पास प्राप्त वाहनों को भी आने-जाने की अनुमति रहेगी।
यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में बढ़े 898230 मतदाता, नाम जुड़वाने और सुधार के लिए 11 दिसंबर तक मौका