बिहार विधानसभा मानसून सत्र के लिए सुरक्षा चाक चौबंद, हर गेट पर स्कैनर और विशेष ट्रैफिक प्लान
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है, जिसमें सभी गेटों पर बैगेज स्कैनर ...और पढ़ें

बिहार विधानसभा। फाइल फोटो
HighLights
विधानसभा के सभी गेटों पर बैगेज स्कैनर लगेंगे।
प्रवेश के लिए सख्त कलर कोड पास सिस्टम लागू।
मानसून सत्र के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान बनेगा।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त किया जा रहा है। शनिवार को सेंट्रल रेंज के आइजी जितेंद्र राणा की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा और ट्रैफिक एसपी सागर कुमार समेत पुलिस महकमे के कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
विधानसभा के सभी गेटों पर बैगेज स्कैनर और वाहन चेकिंग मशीन भी लगेंगे। इसके अलावा सचिवालय परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण तैनात किए जा रहे हैं।
परिसर के भीतर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति, उनके सामान और सभी वाहनों की सघन तलाशी ली जाएगी। इसके साथ ही प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात रहकर सुरक्षा की कमान संभालेंगे।
बिना कलर कोड पास के नहीं मिलेगा प्रवेश
सत्र के दौरान परिसर में किसी भी बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित करने के लिए पास सिस्टम को बेहद सख्त किया गया है। अधिकारियों से लेकर सुरक्षाकर्मियों तक के लिए अलग-अलग श्रेणियों के सीरियल कलर पास जारी किए जाएंगे। इस पास की सघन जांच के बाद ही किसी को भीतर जाने की अनुमति होगी।
खास बात यह है कि प्रवेश द्वारों पर केवल उन्हीं पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा जो तकनीकी रूप से स्मार्ट होने के साथ-साथ व्यवहार कुशल भी हों। सुरक्षा व्यवस्था को डिजिटल रूप से भी मजबूत किया जा रहा है।
पूरे विधानसभा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया गया है। बंद पड़े कैमरों को तत्काल बदलने और आवश्यकतानुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसून सत्र के लिए बनेगा ट्रैफिक प्लान
मानसून सत्र के दौरान राजधानी की यातायात व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए भी आइजी ने विशेष निर्देश दिए हैं। सत्र के दौरान वीआइपी मूवमेंट और आम जनता को जाम की समस्या से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को एक एडवांस ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा गया है, जिससे शहर की रफ्तार थमे बिना सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।