बिहार में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मंजूरी: सोनपुर-सुल्तानगंज में 5159 एकड़ जमीन अधिग्रहण, ₹5000 करोड़ स्वीकृत
Two New Greenfield Airports in Sonpur & Sultanganj बिहार सरकार ने सारण के सोनपुर और भागलपुर के सुल्तानगंज में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 5159 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी और 5000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे राज्य की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बूस्ट
HighLights
सोनपुर और सुल्तानगंज में दो नए एयरपोर्ट मंजूर।
5159 एकड़ जमीन अधिग्रहण, 5000 करोड़ रुपये स्वीकृत।
राज्य में हवाई कनेक्टिविटी और रोजगार को बढ़ावा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में हवाई सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब जमीन अधिग्रहण और बुनियादी ढांचे के विकास की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
ये एयरपोर्ट सारण के सोनपुर और भागलपुर के सुल्तानगंज में बनाए जाएंगे।
सोनपुर एयरपोर्ट के लिए 4228 एकड़ जमीन
सोनपुर में बनने वाले एयरपोर्ट के लिए करीब 4228 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए 1302.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
पटना के नजदीक होने के कारण यह एयरपोर्ट राजधानी के मौजूदा एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।
पटना एयरपोर्ट का दबाव होगा कम
इस एयरपोर्ट के बनने से आसपास के जिलों के लोगों को पटना तक लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इससे यात्रियों को समय और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा, वहीं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
सुल्तानगंज में 931 एकड़ जमीन अधिग्रहण
भागलपुर के सुल्तानगंज (अजगैबीनाथ) में प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए 931 एकड़ जमीन अधिग्रहण की मंजूरी दी गई है।
इसके लिए 4072 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह एयरपोर्ट पूर्वी बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सुल्तानगंज एयरपोर्ट से खासकर कांवर यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों को बड़ा लाभ मिलेगा।
देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा बेहद अहम साबित हो सकती है। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी इससे नई गति मिलने की उम्मीद है।
रोजगार और विकास के खुलेंगे नए रास्ते
सरकार का मानना है कि इन एयरपोर्ट परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
निर्माण कार्य से लेकर संचालन तक हजारों लोगों को काम मिलेगा, वहीं होटल, ट्रांसपोर्ट और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास होगा।
यह भी पढ़ें- Sonepur Satellite Town Protest: आंधी-बारिश में भी डटे किसान, जमीन अधिग्रहण व एयरपोर्ट योजना के खिलाफ आंदोलन