विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हवाई नक्शे पर छाने को तैयार बिहार: 2028-29 तक शुरू होंगे कई नए एयरपोर्ट, निर्माण और विस्तार का रास्ता साफ

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:15 AM (IST)

बिहार में हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट परियोजनाओं में तेजी आई है, जिनमें रक्सौल में जमीन अधिग्रहण पूरा हो ...और पढ़ें

बिहार में हवाई अड्डों के विकास ने पकड़ी रफ्तार, रक्सौल समेत कई शहरों में काम जारी (AI Generated Image)

बिहार में हवाई अड्डों के विकास ने पकड़ी रफ्तार, रक्सौल समेत कई शहरों में काम जारी (AI Generated Image)

HighLights

  1. रक्सौल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण कार्य पूरा।

  2. मुजफ्फरपुर, पूर्णिया एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य प्रगति पर।

  3. किशनगंज, फारबिसगंज सहित अन्य एयरपोर्ट भी विकसित होंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। प्रदेश में हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट परियोजनाओं में तेजी आई है। कई परियोजनाएं निर्माण, निविदा और तकनीकी अध्ययन के चरण में हैं। विकास आयुक्त कोषांग इनकी प्रगति की लगातार समीक्षा कर रहा है।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण रक्सौल एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण पूरा हो चुका है। एयरसाइड सुविधाओं के लिए इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी की निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ी है। रनवे विस्तार का काम भी प्रक्रिया में है।

एयरपोर्ट का निर्माण और कमीशनिंग अप्रैल 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।विभाग की आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन, एटीसी टावर, फायर स्टेशन और अन्य भवनों के निर्माण का कार्यादेश जारी हो चुका है।

रनवे, एप्रन और टैक्सी-वे से जुड़े काम भी इसमें शामिल हैं। पूर्णिया एयरपोर्ट के न्यू सिविल एन्क्लेव के लिए निविदा जारी है। इसे मई 2028 तक पूरा करने और जून 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य है। वहीं, बीरपुर और वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के लिए भी निविदा और निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

सहरसा में कम बोली मिलने के कारण पुनर्निविदा की जा रही है, जबकि फारबिसगंज एयरपोर्ट को उड़ान योजना के तहत विकसित करने की पहल शुरू हो गई है।

गोपालगंज के सबेया एयरपोर्ट का प्रारंभिक अध्ययन भी तकनीकी रूप से अनुकूल पाया गया है। किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे को 1,000 मीटर बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसके लिए करीब 24.70 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा।