बिहार में बूस्ट होगी एयर कनेक्टिविटी, पटना-गया और दरभंगा एयरपोर्ट को लेकर आया नया अपडेट
बिहार में हवाई यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पटना, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार पर सहमति बनी है। दरभंगा को अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिलेगा।

बिहार में हवाई यात्रा और सुरक्षित
HighLights
पटना एयरपोर्ट का रनवे 300 मीटर तक बढ़ेगा।
दरभंगा एयरपोर्ट को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा।
गया सहित अन्य शहरों में भी हवाई सेवाएं बढ़ेंगी।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में हवाई यात्रा को और सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पटना, दरभंगा और गयाजी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार पर सहमति बन गई है।
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष Sanjay Kumar Jha ने मंगलवार को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री Kinjarapu Ram Mohan Naidu के साथ समीक्षा बैठक के बाद इसकी जानकारी दी।
पटना एयरपोर्ट का रनवे 300 मीटर तक बढ़ेगा
बैठक में Jay Prakash Narayan International Airport को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए रनवे को करीब 300 मीटर तक विस्तारित करने पर सहमति बनी।
इसके साथ ही एयरपोर्ट पर सिंपल एप्रोच लाइट लगाने की भी योजना है। इसके लिए राज्य सरकार से लगभग 49 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
दरभंगा एयरपोर्ट को मिलेगा इंटरनेशनल दर्जा
Darbhanga Airport को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने पर भी केंद्र सरकार ने सहमति दे दी है।
इसके तहत रनवे को 12 हजार फीट तक विस्तारित किया जाएगा और एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए 90 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
गया एयरपोर्ट के विस्तार पर भी बनी सहमति
Gaya Airport के रनवे विस्तार को लेकर भी नागर विमानन मंत्रालय सहमत हो गया है।
इसके लिए बिहार सरकार से अतिरिक्त भूमि की मांग की गई है। माना जा रहा है कि इससे बौद्ध पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बड़ा फायदा मिलेगा।
पूर्णिया एयरपोर्ट और राजगीर पर भी फोकस
बैठक में Purnea Airport के नए टर्मिनल भवन के लिए जल्द टेंडर जारी करने पर भी चर्चा हुई।
वहीं राजगीर और सुल्तानगंज को एविएशन मैप पर लाने की दिशा में भी सहमति बनी है, जिससे पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
बिहार के चार और शहरों से उड़ेंगे छोटे विमान
केंद्र और राज्य सरकार ने बिहार के चार अन्य शहरों, बीरपुर, वाल्मीकिनगर, सहरसा और मुजफ्फरपुर से छोटे विमानों के संचालन की प्रक्रिया तेज करने पर भी सहमति जताई है।
जानकारी के अनुसार जून 2026 तक इन एयरपोर्ट्स के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, जिससे राज्य की क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ें- पटना एयरपोर्ट रनवे विस्तार की तैयारी तेज, सेफ लैंडिंग के लिए पांच सौ मीटर लंबाई व तीन सौ मीटर चौड़ाई जमीन की जरूरत
