विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar AQI: बिहार के 23 शहरों में घटा प्रदूषण, 2025-26 में सबसे साफ रही हवा

Published: Fri, 05 Jun 2026 09:20 AM (IST)

बिहार के 23 शहरों में वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आई है, जिसमें 2025-26 तक की अवधि में हवा सबसे ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड तस्वीर

एआई जेनरेटेड तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

प्रभात रंजन, पटना। राजधानी सहित प्रदेश के 23 शहरों में वायु प्रदूषण में कमी आई है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के चार वर्षों के औसत वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) सूचकांक के आंकड़ों के अध्ययन और विश्लेषण से यह निष्कर्ष सामने आया है। 

सूबे के पटना सहित हाजीपुर, औरंगाबाद, बिहारशरीफ, छपरा, राजगीर, समस्तीपुर एवं सिवान में वार्षिक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम दर्जे का रहा। 

जबकि, मुजफ्फरपुर, गयाजी, भागलपुर, अररिया, आरा, बेगूसराय, बेतिया, बक्सर, कटिहार, किशनगंज, मंगूराहा (पश्चिम चंपारण) , माेतिहारी, पूर्णिया, सहरसा एवं सासाराम में वार्षिक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक( एक्यूआई) संतोषजनक श्रेणी में पाया गया है। 2025-26 में अब तक की सबसे स्वच्छ हवा के रूप में दर्ज की गई। 

जुर्माना होने से लापरवाही की क्रियाओं में कमी

बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अध्यक्ष डॉ. डीके शुक्ला ने बताया कि पटना सहित कई शहरों की हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। सतत विकास, निगरानी, जागरूकता और मानकों के उल्लंघन पर जुर्माना होने से लापरवाही की क्रियाओं में कमी आई है। 

पर्षद की ओर से सरकारी निर्माण एजेंसियों के साथ विभिन्न विभागों के साथ कई कार्यशाला हुई। ऐसे में मानकों के पालन होने से मानवीय प्रदूषण में कमी आई है। 2026 में वायु गुणवत्ता इंडेक्स में और सुधार के लिए धूल-धुआं कम करने की कार्य योजना तैयार की गई है। 

धूलकण घटाने के लिए व्यापक पौधारोपण, धुआं कम करने के लिए प्रदूषण करने वाले वाहनों की रोकथाम, पराली जलाने से रोकने के लिए किसानों को जागरूक करने समेत कई सुझाव देने के साथ सख्त निर्देश दिए गए हैं। पौधारोपण के लिए स्थलों की पहचान कर सूची जिला व वन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

भौगोलिक संरचना और मौसम करता है प्रभावित

प्रदेश मध्य गंगा के मैदानी क्षेत्रों में स्थित है। इस क्षेत्र की भूमि कछार, जलोढ़ होने के कारण अपेक्षा रहित होकर वायु प्रदूषण की समस्या उत्पन्न करती है। मूल रूप से वायु प्रदूषण की स्थिति शहर की प्राकृतिक और भौगोलिक संरचना एवं मौसम पर निर्भर करती है। 

बीते वर्ष की तुलना में इस बार कण पदार्थ पीएम 10 एवं पीएम 2.5 की सांद्रता में कमी आई है। इस वर्ष प्रदेश के किसी शहर में एक्यूआई बहुत खराब अथवा गंभीर श्रेणी में नहीं पाई गई है। जाे प्रदेश के लिए सुखद स्थिति है। 

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम चलाया जा रहा

वहीं, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से पटना, मुजफ्फरपुर एवं गयाजी सहित देश के सभी हिस्सों में वायु गुणवत्ता में क्रमिक रूप से सुधार को लेकर राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम चलाया जा रहा है। राज्य में पुराने ईंट भट्टे की तकनीक परिवर्तित की जा रही है। इससे उत्सर्जन में आई कमी के कारण जलवायु परिवर्तन को रोकने में योगदान दे सके। 

वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक उपकरणों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वायु गुणवत्ता में सुधार लाने को लेकर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, आइआइटी दिल्ली, पटना के साथ समझौता एमओयू किया गया है। इसके तहत प्रमुख शहरों में वायु गुणवत्ता के प्रबंधन में और सहायता मिलेगी। 

गांगेय क्षेत्र में मानव जनित और भू जनित प्रदूषकों के प्रभाव को लेकर पर्षद की ओर से राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान गोवा के साथ एमओयू किया गया है।

प्रदूषण की निगरानी के लिए बनेंगे स्वचालित स्टेशन

वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और इसकी देखरेख के लिए प्रदेश के 16 जिलों में वायु गुणवत्ता प्रबोधन केंद्र स्थापित होंगे। वर्तमान में 22 जिलों में कुल 34 केंद्र कार्यरत हैं। 

इसमें पटना में छह, मुजफ्फरपुर एवं गयाजी में तीन, भागलपुर में दो, हाजीपुर, अररिया, आरा, औरंगाबाद, बेगूसराय, बेतिया, बिहारशरीफ, बक्सर, छपरा, कटिहार, किशनगंज, मोतिहारी, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सासाराम, सिवान, राजगीर, मंगूराहा (पश्चिम चंपारण) में एक-एक केंद्र स्थापित है। 

प्रदेश में स्थापित केंद्र का केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दिल्ली के जरिए राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता प्रबोधन नेटवर्क से जुड़ा है।

प्रमुख शहरों के चार वर्षों का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई)

शहर 2022-23 2023-24 2024-25 2025-26
पटना 200 177 168 114
मुजफ्फरपुर 181 169 142 89
गयाजी 154 123 105 96
भागलपुर 186 178 132 87
हाजीपुर 161 146 187 135
अररिया 177 153 128 94
आरा 178 165 100 78
औरंगाबाद 181 111 127 105
बेगूसराय 220 224 140 98
बेतिया 197 132 130 84
बिहारशरीफ 189 106 117 100
बक्सर 188 200 141 87
छपरा 210 193 113 108
कटिहार 213 162 103 82
किशनगंज 148 131 123 92
मोतिहारी 171 134 104 88
मुंगेर 193 153 121 75
पूर्णिया 190 155 115 78
राजगीर 156 146 105 105
सहरसा 220 173 116 99
समस्तीपुर 224 150 125 103
सासाराम 151 126 113 93
सिवान 212 153 129 105

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: बिहार में 4 दिन की देरी से पहुंचेगा मानसून, अगले 3 दिनों में 3 डिग्री तक चढ़ेगा पारा