विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से पहले बिगड़ने लगी बिहार की हवा: पटना समेत कई शहरों में बढ़ा प्रदूषण, दानापुर सबसे अधिक प्रभावित

Published: Wed, 04 Nov 2026 07:31 AM (IST)

Bihar Air Pollution: दीपावली से पहले बिहार के कई शहरों, खासकर पटना में वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. दीपावली से पहले बिहार में वायु प्रदूषण बढ़ा।

  2. पटना का वायु गुणवत्ता सूचकांक 109 दर्ज।

  3. दानापुर 172 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित।

जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली आने से पूर्व राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर शहरों की हवा में प्रदूषण का असर दिखने लगा है।

गुलाबी ठंड के साथ वातावरण में धूलकण और धुएं का ठहराव बढ़ने लगा है। इसका असर वायु गुणवत्ता पर पड़ रहा है। पटना के साथ राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी वायु प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

ऐसे में दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाले धुआं स्थिति को गंभीर बना सकता है। शहरों में बढ़ते वाहनों का दबाव, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, सड़कों पर जमी मिट्टी और कचरा जलाने की घटनाएं प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं।

मौसम में बदलाव के कारण हवा की गति कम होने पर धूल और धुएं के कण वातावरण में अधिक समय तक बने रहते हैं। इससे हवा की गुणवत्ता प्रभावित होती है।

सुबह और देर शाम दिख रहा असर

सुबह और देर शाम इसका असर अधिक महसूस किया जा सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, तीन नवंबर को पटना का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 109 दर्ज किया गया।

जबकि बीते दिनों में पटना की हवा स्वच्छ रही। बीते दिनों पटना सहित आसपास इलाकों में वर्षा की गतिविधियां बने होने से हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा गया है।

29 अक्टूबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 75, 30 एवं 31 अक्टूबर को 63, एक नवंबर को 59 एवं दो नवंबर को 77 एक्यूआई दर्ज किया गया।

प्राप्त आंकड़े के अनुसार बीते वर्ष 20 अक्टूबर को दीपावली के मौके पर पटना का वायु गुणवत्ता सूचकांक 134 दर्ज किया गया। इस बार भी वायु गुणवत्ता सूचकांक में बढ़ने की संभावना है।

मंगलवार को राजधानी के दानापुर में 172 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित स्थान रहा। जबकि, पटना सिटी में 70, राजवंशी नगर में 88, तारामंडल के पास 101, मुरादपुर में 108 एवं समनपुरा में 114 एक्यूआई दर्ज किया गया।

वहीं, प्रदेश में बेतिया 32 एक्यूआई के साथ सबसे स्वच्छ रही। जबकि,राजगीर का 47 एक्यूआई के साथ स्वच्छ रही। बेगूसराय का 63, मुजफ्फरपुर का 62, राजगीर का 47 एवं सहरसा का 66 एक्यूआई के साथ संतोषजनक रही। वहीं, 134 एक्यूआई के साथ सासाराम की हवा सबसे प्रदूषित रही।

शहर अनुसार AQI

शहर AQI
गया 129
हाजीपुर 122
भागलपुर 107
सिवान 104
औरंगाबाद 101
बिहारशरीफ 99
मोतिहारी 94
बक्सर 92
मुंगेर 86

वायु गुणवत्ता की श्रेणी

  • अच्छा : 0-50
  • संतोष जनक : 51-100
  • मध्यम प्रदूषित : 101-200
  • खराब : 201-300
  • बहुत खराब : 301-400
  • गंभीर : 401-450

यह भी पढ़ें- Bihar Weather Today: क्या बिहार में भी दिखेगा चक्रवात 'मुरासु' का असर? मौसम विभाग ने जारी किया ताजा अपडेट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।