विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में दो नए एयरपोर्ट के लिए सरकार लेगी 7373 एकड़ जमीन, 26 हजार से अधिक रैयतों पर पड़ेगा असर

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:11 PM (IST)

बिहार में सोनपुर और भागलपुर-मुंगेर में प्रस्तावित दो ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए कुल 7373 एकड़ जमीन जुटाई जाएगी। इस प्रक्रिया ...और पढ़ें

सोनपुर, भागलपुर-मुंगेर एयरपोर्ट के जमीन जुटाने का खाका तैयार।

सोनपुर, भागलपुर-मुंगेर एयरपोर्ट के जमीन जुटाने का खाका तैयार।

HighLights

  1. सोनपुर और भागलपुर-मुंगेर में नए एयरपोर्ट प्रस्तावित।

  2. कुल 7373 एकड़ जमीन की होगी आवश्यकता।

  3. 26 हजार से अधिक रैयतों की जमीन प्रभावित होगी।

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार देने के लिए सोनपुर और भागलपुर-मुंगेर में प्रस्तावित अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन जुटाने का खाका तैयार कर लिया गया है।

इन परियोजनाओं के लिए करीब 7,373 एकड़ जमीन की जरूरत बताई गई है। सरकार जमीन जुटाने के लिए पहले रैयतों से सीधे खरीद का रास्ता अपनाएगी।

सहमति नहीं बनने या अन्य जरूरी मामलों में ही भूमि अधिग्रहण कानून का सहारा लिया जाएगा। इस दिशा में पहल कर दी गई है। इससे पहले बकायदा सलाहकार एजेंसी का चयन होगा।

ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन जुटाने की प्रक्रिया तेज

मिली जानकारी के अनुसार सोनपुर एयरपोर्ट के लिए सारण जिले में करीब 4228 एकड़ जमीन जुटाई जानी है। इसके लिए सोनपुर और दरियापुर अंचल के करीब 26 मौजा चिह्नित किए गए हैं।

परियोजना से करीब 14,224 रैयत और उनकी जमाबंदियां जुड़ी हैं। दूसरी ओर भागलपुर-मुंगेर एयरपोर्ट के लिए करीब 3145 एकड़ जमीन की जरूरत होगी।

यहां करीब 14 मौजा और लगभग 12 हजार रैयतों की जमीन परियोजना के दायरे में आएगी। जमीन की खरीद बिहार रैयती भूमि क्रय नीति, 2020 के तहत होगी।

सीधे खरीद को प्राथमिकता, जरूरत पड़ने पर ही होगा भूमि का अधिग्रहण

भूमि की कीमत तय करने का अधिकार संबंधित रैयती भूमि क्रय समितियों और सक्षम प्राधिकार के पास रहेगा। जमीन मालिक को कितना भुगतान किया जाएगा, इसका निर्णय सलाहकार एजेंसी नहीं करेगी।

सलाहकार की भूमिका केवल प्रक्रिया में मदद करने तक सीमित रहेगी। दोनों एयरपोर्ट के लिए चिह्नित जमीन का बड़ा हिस्सा कृषि उपयोग में है।

इसमें धान की खेती वाली जमीन के साथ कुछ आबादी, बाग-बगीचे और अन्य संरचनाएं भी हैं। कई इलाकों में दियारा क्षेत्र भी है। जमीन का विशेष सर्वेक्षण विभिन्न चरणों में चल रहा है।

सोनपुर एयरपोर्ट

  • जमीन : 4228 एकड़
  • जिला : सारण
  • अंचल : सोनपुर व दरियापुर
  • मौजा : 26
  • रैयत : 14,224

भागलपुर-मुंगेर एयरपोर्ट

  • जमीन : 3145 एकड़
  • क्षेत्र : भागलपुर व मुंगेर
  • प्रमुख अंचल : भागलपुर सदर, सुल्तानगंज, मुंगेर सदर, तारापुर व बरियारपुर
  • मौजा : 14
  • रैयत : करीब 12 हजार

यह भी पढ़ें- बिहार में तीन नए एयरपोर्ट की रफ्तार बढ़ेगी, सोनपुर-भागलपुर-मुंगेर में जमीन जुटाने की तैयारी तेज