पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से गंडक पुल तक: बिहार को मिल सकती है 49000 करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट्स की सौगात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिहार में ₹49,751 करोड़ की सड़क परियोजनाओं पर चर्चा की।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
मुख्यमंत्री ने गडकरी से बिहार की सड़क परियोजनाओं पर चर्चा की।
₹49,751 करोड़ की 4 परियोजनाएं केंद्र की स्वीकृति हेतु लंबित।
बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।
गडकरी के आवास पर हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा लंबित परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने पर विस्तार से चर्चा की।
गडकरी को बताया कि बिहार में 49,751 करोड़ रुपये की लगभग 330 किमी कुल लंबाई की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भारत सरकार की पीपीपीएसी (सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति) द्वारा स्वीकृति मिल चुकी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सीएम सम्राट चौधरी ने की मुलाकात।
लॉजिस्टिक्स लागत को कम करने एवं यातायात को सुगम बनाने की दृष्टि से ये परियोजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वर्तमान में ये सीसीईए (आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति) की अंतिम स्वीकृति के लिए विचाराधीन हैं।
गंडक नदी पर दो-लेन पुल
इसमें 1976.77 करोड़ की लागत वाले एनएच-727एए (गंडक नदी पर दो-लेन पुल), बिहार के मनुआपुल (बेतिया) को उत्तर प्रदेश के तिवारीपट्टी (सेवराही) से जोड़ने वाले पुल एवं पहुंच पथ का निर्माण, 8455.86 करोड़ रुपये की लागत वाले सरिस्ताबाद-दीदारगंज एवं अनीसाबाद-दीदारगंज खंड में छह लेन एलिवेटेड एवं सर्विस रोड का निर्माण हाईब्रिड एन्यूटी मोड में 31987.11 करोड़ रुपये की लागत से होना है।
पटना-पूर्णिया चार-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे एनएच-09, का निर्माण तथा 7331.40 करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी-रांची-कोलकाता 6 लेन ग्रीनफील्ड हाई-वे (कोणकी गांव से लेरुआ गांव तक) का निर्माण सम्मिलित है।
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के बिहार खंड को राष्ट्रीय एक्सप्रेस-वे के रूप में शीघ्र अधिसूचित करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर-बरौनी (एनएच-122) चार-लेन निर्माण के बारे में भी अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने गडकरी को अवगत कराया कि बिहार में लगभग 2,329 किमी राष्ट्रीय उच्च पथ रख-रखाव एवं विकास के लिए राज्य के पथ निर्माण विभाग को सौंपे गए हैं।
विभाग द्वारा 323 किमी लंबाई तथा 13,015 करोड़ रुपये लागत की छह एनएच परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्र को भेजी गई है (जिसमें विक्रमशिला पुल का पहुंच पथ एवं मशरख चकिया-भिट्ठामोड़ चार-लेन चौड़ीकरण आदि शामिल है)।