बिहार के मेडिकल कॉलेजों में 1445 जूनियर डॉक्टरों की जल्द होगी नियुक्ति, 65 हजार रुपये मिलेगा मानदेय
बिहार के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में 1445 जूनियर डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज हो गई है। बिहार संयुक्त ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में जूनियर डॉक्टरों को तैनात करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। फिलहाल अस्पतालों में कुल 1445 जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक नियुक्ति किए जाएंगे। नियुक्ति के लिए पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद को सौंपी गई है। पैनल की अनुशंसा प्राप्त होते ही स्वास्थ्य विभाग नियुक्ति की औपचारिक कार्रवाई पूरी करेगा।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जूनियर रेजिडेंट के पदों पर चयनित चिकित्सकों की नियुक्ति एक वर्ष के टेन्योर के लिए होगी। तैनातियां राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में की जाएंगी।
इस पद के लिए वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से मान्यता प्राप्त मेडिकल कालेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की हो। बिहार स्वास्थ्य सेवा संवर्ग में पहले से कार्यरत नियमित चिकित्सकों को इस नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
सरकार ने नियुक्ति नियमों में दिव्यांग अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। जूनियर रेजिडेंट पद के लिए अधिकतम आयु सीमा में दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की अतिरिक्त छूट देने का प्रविधान किया गया है।
चयनित जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों को प्रतिमाह 65 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने पैनल निर्माण से संबंधित विवरण-पुस्तिका (प्रॉस्पेक्टस) का प्रारूप तैयार कर लिया गया है, जिसे स्वास्थ्य विभाग से स्वीकृति भी मिल चुकी है। अब इसी आधार पर पैनल तैयार कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
