अतिक्रमण पर होगा एक्शन, एंट्री गेट पर लगेगा एक्सेस कंट्रोल; पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया पर बियाडा के निर्देश
बियाडा ने पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण, अवैध निर्माण और गंदगी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जायजा लेते MD। फोटो जागरण
HighLights
अतिक्रमण, अवैध निर्माण और गंदगी पर बियाडा की कार्रवाई।
औद्योगिक क्षेत्र के प्रवेश द्वारों पर एक्सेस कंट्रोल लागू होगा।
सड़कों पर निर्माण सामग्री, कचरा फेंकने वालों पर सख्त एक्शन।
जागरण संवाददाता, पटना। पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण, अवैध निर्माण और गंदगी के मामलों में कार्रवाई की जाएगी। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने शनिवार को क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी प्रवेश द्वारों पर एक्सेस कंट्रोल लागू करने को कहा, ताकि निजी वाहनों का अनियंत्रित आवागमन व्यवस्थित हो सके। निरीक्षण में डेटा सेंटर, आधारभूत संरचनाओं और औद्योगिक इकाइयों की गतिविधियों का जायजा लिया गया।
सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री रखने, अनधिकृत पार्किंग, कचरा फेंकने और अवैध निर्माण के मामलों की समीक्षा हुई। मुख्य और आंतरिक सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री रखने वाली इकाइयों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
तत्काल सफाई और कचरा हटाने के निर्देश भी दिए गए। कचरा फेंकने पर रोक के लिए माइकिंग और नोटिस से जागरूकता फैलाई जाएगी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।
पॉलिटेक्निक और साईं मंदिर के निकट बियाडा की जमीन पर अनधिकृत वाहन पार्किंग के मामले में कार्रवाई करने तथा मंदिर संचालक को कथित अनधिकृत भवन निर्माण के संबंध में नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
सीवर लाइन मरम्मत के बाद सड़क पूर्व स्थिति में बहाल नहीं करने पर बुडको को पत्र भेजकर पुनर्स्थापना का अनुमानित खर्च वसूलने को कहा गया। अभियंता स्वीकृत सूचीबद्ध वास्तुविदों के अनुमोदित नक्शे के अनुसार निर्माण की निगरानी करेंगे।
कई कंपनियों का भी जायजा लिया गया। कार्यपालक निदेशक (ऑपरेशंस) को कार्रवाई और प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
यह भी पढ़ें- पटना में फूड सेफ्टी विभाग का बड़ा एक्शन: पिस्ता हाउस से 58.5 KG ड्राय फ्रूट्स जब्त, एक्सपायरी मसाले नष्ट
