विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में स्‍कॉर्पियो कांड पर CM सम्राट सख्त, बोले- दोषियों को किसी हाल में नहीं बख्शेंगे

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:44 PM (IST)

भोजपुर के रामडिहरा गांव में आपसी विवाद के बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचलकर दो भाइयों की मौत हो गई ...और पढ़ें

भोजपुर की घटना पर मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी दुखी। फाइल

भोजपुर की घटना पर मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी दुखी। फाइल

HighLights

  1. भोजपुर में स्कॉर्पियो से कुचलकर दो भाइयों की मौत।

  2. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

  3. मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता।

डिजिटल डेस्क, पटना। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में आपसी विवाद के बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने की घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

इस घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपित अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरी संवेदना जताई है।

उन्‍होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर घटना को अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक बताया।

उन्होंने कहा कि आपसी विवाद के बाद तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर से वे मर्माहत हैं।

मृतकों के स्वजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मृतकों के स्वजन को मिलेंगे चार-चार लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने मृतकों के निकटतम परिजनों को अनुग्रह अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने प्रशासन को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को भी कहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके इस निर्देश के बाद प्रशासनिक स्तर पर घटना को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

छठ का गीत बजने के दौरान हुआ विवाद

बताया गया कि रामडिहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर पर छठ का गीत बज रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद गांव के ही एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया।

वाहन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आरोपित अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।

घटना ने गांव में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही घायलों के समुचित उपचार और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें- बिहार के भोजपुर में छठ का गाना बजाने को लेकर विवाद, स्कॉर्पियो से 7 लोगों को रौंदा; 2 भाइयों की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।