बिहार के भोजपुर में छठ का गाना बजाने को लेकर विवाद, स्कॉर्पियो से 7 लोगों को रौंदा; 2 भाइयों की मौत
भोजपुर के रामडिहरा गांव में दीपावली की रात स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।
-1794195140688_m.webp)
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
भोजपुर में दीपावली की रात स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा।
दो सगे भाइयों की मौत, पांच अन्य गंभीर रूप से घायल।
गाना बजाने के विवाद में जानबूझकर कुचलने का आरोप।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में रविवार की रात दीपावली के दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
हादसे में मृतकों की पहचान रामडिहरा गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के 45 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव और 55 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है।
दोनों पेशे से गाड़ी व्यवसायी थे। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्वजन ने गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद स्कॉर्पियो से लोगों को जानबूझकर कुचलने और घसीटने का आरोप लगाया है।
हालांकि, बिहिया थानाध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना का मामला सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
बेटे ने गाना बजाने को लेकर विवाद का लगाया आरोप
मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि गांव के सूर्य मंदिर पर छठ का गाना बज रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो पर सवार गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और उनके भाई मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के लोगों को घर से बुलाया। इस बीच स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब सभी लोग इकट्ठा होकर बातचीत कर रहे थे, तभी वह स्कॉर्पियो लेकर दोबारा वहां पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को रौंद दिया।
रोहित के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी तथा लोगों को घसीटता रहा। ग्रामीणों ने जब गाड़ी का पीछा किया, तो वह मौके से फरार हो गया।
सीने पर गाड़ी चढ़ने से अंदरूनी चोट
आरा सदर अस्पताल के ऑन ड्यूटी चिकित्सक अशोक कुमार ने बताया कि पांच-छह लोगों को गंभीर रूप से जख्मी हालत में अस्पताल लाया गया था।
इनमें कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई। उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था। वहीं, दिनेश यादव के सीने पर गाड़ी चढ़ने से अंदरूनी चोट आई है। अन्य घायलों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। सभी का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगे इलाज किया जा रहा है।
घायलों में रमेश यादव के 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और राजेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र रितु कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं।
सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक कमलेश यादव के परिवार में पत्नी आशा देवी, तीन बेटे शियोग, रोहित एवं प्रिंस और चार बेटियां निशा, मनीषा, प्रिय एवं रागिनी हैं।
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- आरा-बक्सर फोरलेन पर डंपर ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, पति की मौके पर मौत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।