आरा-बक्सर फोरलेन पर डंपर ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, पति की मौके पर मौत
भोजपुर के शाहपुर में आरा-बक्सर फोरलेन पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
-1793454072286_m.webp)
मौके पर जांच करती पुलिस। (जागरण)
HighLights
शाहपुर में डंपर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मारी।
हादसे में पति सुजीत कुमार पांडेय की घटनास्थल पर मौत।
पत्नी मुन्नी देवी गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
जागरण टीम, आरा/शाहपुर। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-बक्सर फोरलेन पर बिलौटी गांव के समीप शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक चला रहे पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। जख्मी महिला का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव निवासी स्व. हृदयनंद पांडेय के 45 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पांडेय के रूप में हुई है। वे पूजा-पाठ कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला।
हादसे का कारण अनियंत्रित परिचालन बताया जाता है। इसे लेकर अज्ञात डंपर चालक के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है। इधर, मृतक के चचेरे भाई सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि सुजीत कुमार पांडेय अपनी पत्नी मुन्नी देवी के साथ शाहपुर से बिहिया जा रहे थे।
इसी दौरान बिलौटी गांव के समीप डंपर ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुजीत कुमार पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्वजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
मृतक तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे स्थान पर थे। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- श्राद्ध से लौट रहे थे घर, आरा-बक्सर फोरलेन पर अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा; चाचा की मौत और 2 भतीजे घायल