श्राद्ध से लौट रहे थे घर, आरा-बक्सर फोरलेन पर अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा; चाचा की मौत और 2 भतीजे घायल
भोजपुर में आरा-बक्सर फोरलेन पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चाचा और दो भतीजों को टक्कर मार दी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
भोजपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मारी।
हादसे में चाचा श्याम बिहारी पाल की मौत हो गई।
दो भतीजे सुमित और अमित पाल गंभीर रूप से घायल।
जागरण टीम, आरा/तरारी। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-बक्सर फोरलेन पर बिलौटी गांव के समीप गुरुवार की रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चाचा और दो भतीजों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में चाचा की मौत हो गई। वहीं, जख्मी दोनों भतीजों का इलाज आरा शहर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
मृतक की पहचान सिकरहटा थाना क्षेत्र के हरपुर गांव, वार्ड नंबर तीन निवासी स्व. नथुनी पाल के 43 वर्षीय पुत्र श्याम बिहारी पाल के रूप में हुई है। वे पेशे से किसान थे।
जबकि घायलों में उसी गांव के लाल बिहारी पाल के 10 वर्षीय पुत्र सुमित पाल और 14 वर्षीय पुत्र अमित पाल शामिल हैं। तीनों रिश्ते में चाचा-भतीजे लगते थे।
शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। इसे लेकर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है।
हादसे का कारण अनियंत्रित परिचालन व ओवरलोडिंग बताया जाता है। इधर, मृतक के पुत्र अमरजीत पाल ने बताया कि उनके नाना का निधन हो गया था।
श्राद्ध कर्म में होने गए थे शामिल
गुरुवार को उनके पिता श्याम बिहारी पाल अपने दोनों भतीजों सुमित और अमित के साथ बाइक से शाहपुर थाना क्षेत्र के रंडाडीह गांव स्थित अपने ससुराल में श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए थे।

रात में तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बिलौटी गांव के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजन तीनों को इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद शुक्रवार की अहले सुबह बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया।
स्वजन श्याम बिहारी पाल को पटना ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। पत्नी लीलावती देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- बिहार के सुपौल में कीर्तन कर रहे लोगों के बीच घुसी बेकाबू कार, 5 की मौत और 1 घायल