विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सैलरी 10 हजार, संपत्ति करोड़ों की! बिहार में ब्लॉक प्रमुख के घर से 30 लाख कैश और 14 जमीनों के कागज बरामद

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:54 AM (GMT+05:30)

आर्थिक अपराध इकाई ने सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति मामले में छापा मारा।

बिहार में प्रखंड प्रमुख के घर से 30 लाख कैश और 14 जमीनों के कागज बरामद

बिहार में प्रखंड प्रमुख के घर से 30 लाख कैश और 14 जमीनों के कागज बरामद

HighLights

  1. ईओयू ने बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख के चार ठिकानों पर छापा मारा।

  2. 30 लाख नकद, 10 लाख गहने और 14 संपत्ति दस्तावेज मिले।

  3. आय से 259.94% अधिक संपत्ति का मामला दर्ज।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के चार ठिकानों पर गुरुवार को छापामारी की।

ईओयू के अनुसार, पंचायत समिति सदस्य के रूप में महज दस हजार रुपये मासिक भत्ता पाने वाले प्रखंड प्रमुख के ठिकानों से 30 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये के गहने मिले हैं।

इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में खरीदी गई 14 जमीन व मकानों के दस्तावेज मिले हैं। इनमें मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड में दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ खरीदी गई 104 डिसमिल जमीन भी शामिल है, जिसका निबंधन मूल्य चार करोड़ रुपये बताया गया है।

शेष जमीन की कीमत भी करोड़ों रुपये में होने की संभावना है, जिसका आकलन और सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा छापामारी में विभिन्न बैंकों के 12 खातों और भारतीय जीवन बीमा निगम की आठ पालिसियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।

अफजल आलम के विरुद्ध प्राथमिक रूप से आय से 1.25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 259.94 प्रतिशत अधिक है।

ईओयू अधिकारियों के अनुसार, बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संपत्ति के आकलन में अभी और वृद्धि होने की संभावना है। लोकसेवक के रूप में कर्तव्य से विचलन के आरोपों की जानकारी पंचायत राज विभाग को भी दी जा रही है।

दिसंबर, 2021 में संभाला प्रखंड प्रमुख का पद:

गुरुवार को ईओयू के डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में चार टीमों ने बाजपट्टी स्थित उनके पैतृक और निजी मकान, प्रखंड प्रमुख के सरकारी कार्यालय तथा मुजफ्फरपुर के औराई स्थित निजी आवास पर तलाशी ली।

जांच एजेंसी के मुताबिक, अफजल आलम ने दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद प्रखंड प्रमुख का पद संभाला था। पंचायत समिति सदस्य के रूप में उन्हें 10 हजार रुपये मासिक भत्ता मिलता है। महज पांच साल में ही उन्होंने करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति अर्जित की है।

यह भी पढ़ें- Bihar News: बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख के ठिकानों से 30 लाख कैश बरामद, मुजफ्फरपुर में चार करोड़ की जमीन का खुलासा

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में बाजपट्टी प्रमुख के घर और कार्यालय में ईओयू की दबिश, पीछे फेंका गया बैग टीम ने उठाया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।