जब राजभवन में गूंजने लगा 'जय श्री राम' और 'अबकी बार 400 पार' का नारा, नीतीश कैबिनेट विस्तार का कुछ ऐसा रहा नजारा
राजभवन में हुए नीतीश मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा-जदयू के समर्थकों की जबर्दस्त मौजूदगी रही। दोनों दलों के दिग्गज इस मौके पर उपस्थित थे। जय श्री राम और नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे के साथ अबकी बार 400 पार के नारे भी लगे। नारों की वजह से शपथ ग्रहण में कोई व्यवधान नहीं हो इस वजह से राज्यपाल राजेंद्र विश्ननाथ आर्लेकर ने लोगों को खुद शांत रहने को कहा।
राज्य ब्यूरो, पटना। राजभवन के राजेन्द्र मंडप में शुक्रवार को आयोजित मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में जदयू और भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को उत्साह देखने लायक था। इस कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसे ही राजेन्द्र मंडप में पहुंचे, उन्हें देखते ही समर्थकों ने नीतीश कुमार जिन्दाबाद के जोरदार नारे लगाने लगे।
कुछ इसी तरह का नजारा राजभवन के सामने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा स्थल के आसपास का था, जहां समर्थकों का मजमा लगा था। जब राजेन्द्र मंडप में मंच से भाजपा कोटे के मंत्री जब-जब शपथ ग्रहण करने आए समर्थकों ने जय श्रीराम और अबकी बार चार सौ के पार के खूब नारे लगाए।
नारों की वजह से शपथ ग्रहण में कोई व्यवधान नहीं हो इस वजह से राज्यपाल राजेंद्र विश्ननाथ आर्लेकर ने लोगों को खुद शांत रहने को कहा।
शपथ के बाद नीतीश कुमार सेलिए आशीर्वाद
शपथ ग्रहण करने के बाद सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया। वहीं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा से भी शपथ लिए मंत्रियों ने उनकी शुभकामना ली।
राज्यपाल ने सभी मंत्रियों के साथ उन्हें मंत्री नियुक्त किए जाने वाले दस्तावेज के साथ अलग-अलग फोटो करायी। शपथ ग्रहण के समय दो बार माइक की समस्या उत्पन्न हो गयी। राज्यपाल ने अपने एडीसी से इसे ठीक कराने को कहा।
शपथ ग्रहण में ये नेता रहे मौजूद
विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर, जदयू सांसद ललन सिंह सहित कई मंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे और नए मंत्रियों को अपनी शुभकामनाएं दीं। मनोनीत मंत्रियों ने शपथ ग्रहण के पूर्व अपने समर्थकों का अभिवादन भी किया।
नीतीश मिश्रा और हरि सहनी ने मैथिली में शपथ ली। सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए जमा खान ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। वहीं नीरज कुमार सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद जय श्री राम का उद्घोष किया।
यह भी पढ़ें: नीतीश मंत्रिमंडल विस्तार: JDU ने पुराने तो BJP ने नए चेहरों पर जताया भरोसा, चुनाव से पहले चला बड़ा दांव