आरा-पटना मेमू की बोगियों से सीटें गायब, यात्री परेशान; DRM ने दिए जांच के आदेश
Ara Patna MEMU Train: आरा-पटना मेमू ट्रेन की बोगियों में टूटी और गायब सीटों से यात्री परेशान हैं, जिससे उन्हें खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है।

बोगियों में टूटी और गायब सीटें। (जागरण)
HighLights
आरा-पटना मेमू ट्रेन में टूटी और गायब सीटों से यात्री परेशान।
यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही, बुजुर्गों को अधिक दिक्कत।
दानापुर डीआरएम ने बोगियों की जांच और सुधार का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, खगौल। आरा-पटना मेमू ट्रेन की बदहाल बोगियां रेलवे की यात्री सुविधाओं के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। ट्रेन संख्या 63214 की कई बोगियों में यात्रियों के बैठने वाली सीटें टूटी हुई हैं, जबकि कुछ जगहों पर सीटें पूरी तरह गायब हैं।
सीटों के स्थान पर केवल लोहे का ढांचा बचा है, इसके बावजूद ट्रेन का परिचालन जारी है। यात्री दुर्गेश कुमार, राजेश राय और मीना देवी ने बताया कि इस ट्रेन से प्रतिदिन नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं।
पहले से ही ट्रेनों में भीड़ और परिचालन में देरी की समस्या रहती है। ऐसे में सीटें नहीं मिलने से यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ती है।
बुजुर्गों, महिलाओं और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी होती है। यात्रियों ने बताया कि गर्मी के दिनों में अधिकांश बोगियों के पंखे नहीं चलते हैं। कई बोगियों की खिड़कियों के शीशे टूटे रहते हैं।
वहीं, सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से भी यात्रियों को परेशानी होती है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से बोगियों की नियमित जांच और यात्री सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग की है।
इस संबंध में दानापुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद कुमार ने सीटों की ऐसी स्थिति को गलत बताते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त करने और संबंधित बोगी को परिचालन से हटाने की बात कही।
यह भी पढ़ें- बिहार में ओला-उबर को टक्कर देगी 'भारत टैक्सी': नवंबर अंत से शुरुआत, ड्राइवर भी बनेंगे कंपनी के हिस्सेदार