आरा के गुदरी बाजार में नालियों से कैसे निकलता है सोना? दुकानों की धूल भी नहीं जाती बेकार; MP से आते हैं कारोबारी
बिहार के आरा स्थित ऐतिहासिक गुदरी बाजार में नालियों की गाद और दुकानों की धूल से सोना निकालने का अनोखा ...और पढ़ें

एआई से बनाई गई तस्वीर
डिजिटल डेस्क, पटना। आरा का ऐतिहासिक गुदरी बाजार सिर्फ चमकते जेवरातों की खरीद-बिक्री के लिए ही नहीं, बल्कि यहां की नालियों और कचरे से कीमती धातुएं तलाशने के हैरतअंगेज काम के लिए भी जाना जाता है।
सर्राफा गलियों से बहने वाली नालियों की गाद और दुकानों के फर्श की धूल यहां कचरा नहीं, बल्कि कारोबार का जरिया है। जिसके लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत दूसरे राज्यों से भी कुछ लोग आरा पहुंचते हैं और नालियों की गाद से पैसे कमाते हैं।
नालियों तक कैसे पहुंचती है सोने की चमक?
आभूषण निर्माण के दौरान जब कारीगर सोने-चांदी की कटाई, घिसाई, नक्काशी और मरम्मत करते हैं, तब धातु के बेहद सूक्ष्म कण फर्श पर गिरते हैं और हवा में बिखर जाते हैं।
दुकानों की धुलाई और सफाई के दौरान यही बारीक रजकण पानी के बहाव के साथ सड़कों और गलियों की नालियों में जमा हो जाते हैं।
कचरे से कैसे निकाला जाता है सोना?
नालियों के गाद से सोना निकालने में महारथ हासिल करने वाले लोग कीचड़ और गाद को बड़े जतन से बाहर निकालते हैं। इसके बाद नाली की पूरी गंदगी बोरियों में भर कर अपने ठिकाने ले जाते हैं।
यहां यह कचरे को एक विशेष प्रकार के छन्नीनुमा बर्तन में रख कर उसे पहले सामान्य पानी और फिर चूने के पानी से धोते हैं। जब सिर्फ कणनुमा गंदगी बचती है, तो उसमें तरल तेजाब डालते हैं।
तेजाब डालने से गंदगी में सोने-चांदी की मात्रा का अनुमान लग जाता है। इसके बाद इस मिक्स मटेरियल में मरकरी डाली जाती है, जिससे सोना चमकने लगता है। अब चांदी और सोना को अलग कर लिया जाता है।
घर की महिलाएं भी करती हैं कमाई
इस कारोबार में दुकानों से निकलने वाले कचरे का एक तिनका भी बेकार नहीं जाता। सर्राफा कारोबार से जुड़े परिवारों में फर्श की धूल और कार्यशाला के बुरादे को महीनों तक सुरक्षित सहेज कर रखा जाता है। इस काम में परिवारों की महिलाएं मुख्य जिम्मेदारी निभाती हैं।
वे नियमित तौर पर झाड़ू लगाकर इस कीमती मलबे को जमा करती हैं। बाद में यह धूल इन हुनरमंद लोगों को बेच दी जाती है, जो वैज्ञानिक और पारंपरिक शोधन पद्धतियों से धूल से शुद्ध सोना निकाल लेते हैं और बेचकर पैसे कमाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।