'हम नीरज को हराएंगे', बिहार MLC चुनाव में अनंत के बागी तेवर; AK-47 मामले में नार्को टेस्ट की दी चुनौती
मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने विधान परिषद चुनाव में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध करने का एलान किया है।
HighLights
अनंत सिंह ने जदयू एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध किया।
नीरज कुमार को चुनाव हराने और जमानत जब्त कराने की चेतावनी दी।
एके-56 मामले में नीरज कुमार को नार्को टेस्ट की चुनौती।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (JDU MLA Anant Singh) के विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावती सुर अपना लिए हैं।
पटना में मौजूद होने के बावजूद वे जदयू विधायकों की अहम बैठक से नदारद रहे। इसके साथ ही उन्होंने आगामी विधान परिषद चुनाव (Bihar MLC Election) में पार्टी प्रत्याशी और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार (JDU Neeraj Kumar) का खुलकर विरोध करने की घोषणा की है।
जमानत जब्त कराने की दी चेतावनी
अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार को खुली चुनौती देते हुए दावा किया है कि नीरज कुमार का चुनाव जीतना तो दूर, अगर वे अपनी जमानत भी बचा लें तो यह बहुत बड़ी बात होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर नीरज कुमार को चुनाव हराने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।
विरोध का कारण और बैठक से दूरी
पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोलने का कारण बताते हुए विधायक ने कहा कि जब वे विधानसभा का चुनाव लड़ रहे थे, तब नीरज कुमार ने भी उनका विरोध किया था। ऐसे में नीरज के जीतने या हारने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
वहीं, शुक्रवार को हुई पार्टी की बैठक में शामिल न होने के सवाल पर अनंत सिंह ने सफाई दी कि उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर जाना था, जिसके कारण वे बैठक में हिस्सा नहीं ले सके।
एके-47 मामले में नार्को टेस्ट की दी चुनौती
अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के खिलाफ भी साजिश रची और उन्हें हराने का प्रयास किया था।
विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर में एके-47 रखवाने और उन्हें जेल भिजवाने के पीछे भी नीरज कुमार का ही हाथ था। इस मामले में 'दूध का दूध और पानी का पानी' करने के लिए अनंत सिंह ने नार्को टेस्ट तक कराने की खुली चुनौती दे डाली है।
