निशांत ने साधा मोर्चा तो नरम पड़े अनंत सिंह के तेवर? बैठक में पहुंचे तो नीरज बोले- नाराजगी होती तो यहां क्यों आते
जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए नीरज कुमार को फिर से प्रत्याशी बनाने का ...और पढ़ें

नीरज के लिए जदयू ने बनाया चुनावी प्लान
HighLights
जदयू ने नीरज कुमार को पटना स्नातक चुनाव का प्रत्याशी बनाया।
अनंत सिंह ने बैठक में शामिल होकर समर्थन का संकेत दिया।
पार्टी चौथी बार नीरज कुमार की जीत सुनिश्चित करने में जुटी।
राज्य ब्यूरो, पटना। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव को लेकर जदयू ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने नीरज कुमार को एक बार फिर प्रत्याशी बनाए जाने का फैसला कर लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इसी बीच सोमवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में नीरज कुमार के समर्थन में रणनीति तैयार करने के लिए अहम बैठक हुई।
नीरज के लिए जदयू ने बनाया चुनावी प्लान
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पटना और नालंदा जिले के जदयू विधायक शामिल हुए। मंत्री श्रवण कुमार और निशांत भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक का मुख्य फोकस पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नीरज कुमार के समर्थन में पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करना रहा।
एक दिन पहले अनंत ने जताई थी नाराजगी
बैठक में मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह की मौजूदगी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। खास बात यह है कि अनंत सिंह ने एक दिन पहले ही साफ कहा था कि वह नीरज कुमार के समर्थन में नहीं हैं और डा. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे।
ऐसे में अगले ही दिन जदयू कार्यालय में नीरज के समर्थन को लेकर हुई बैठक में उनका पहुंचना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नीरज बोले- अनंत सिंह दल की पूंजी
बैठक के बाद जब जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार से अनंत सिंह के रुख को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अनंत सिंह दल की पूंजी हैं और वह उनके समर्थन में हैं।
हालांकि जदयू कार्यालय पहुंचने के दौरान अनंत सिंह ने इस मुद्दे पर मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दिया और बैठक के बाद वापस निकल गए।
अनंत-नीरज और प्रदेश अध्यक्ष की अलग बैठक
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान अनंत सिंह, नीरज कुमार और जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के बीच अलग से भी बातचीत हुई।
अनंत सिंह के पहले दिए गए बयान के बाद पार्टी का तुरंत बैठक बुलाना बताता है कि जदयू इस चुनाव को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है।
16 नवंबर को खत्म हो रहा नीरज का कार्यकाल
नीरज कुमार का मौजूदा विधान परिषद कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। वह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में पार्टी अब चौथी बार उनकी जीत के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारी में जुट गई है।
एक बयान से बढ़ी थी जदयू की चिंता
अनंत सिंह के नीरज कुमार के समर्थन में नहीं होने वाले बयान के बाद जदयू ने जिस तेजी से बैठक की, उससे पार्टी की सक्रियता साफ दिखाई देती है।
अब अनंत सिंह की बैठक में मौजूदगी और नीरज कुमार का यह दावा कि वह उनके समर्थन में हैं, चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा का नया आधार बन गया है।
