विधान परिषद चुनाव: JDU की बैठक के बाद भी नहीं बदला अनंत सिंह का रुख! अनुज सिंह ने कहा- दादा का आशीर्वाद मिल गया
जदयू की बैठक के बाद भी अनंत सिंह का रुख नहीं बदला, उन्होंने पटना स्नातक एमएलसी प्रत्याशी अनुज सिंह का ...और पढ़ें
HighLights
अनंत सिंह ने पटना स्नातक एमएलसी प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन दिया।
जदयू बैठक के बाद भी अनंत सिंह का रुख अपरिवर्तित रहा।
अनुज सिंह ने अनंत सिंह के आशीर्वाद से चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
संवाद सूत्र, बिहटा। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर बिहार की सियासत में सरगर्मी बढ़ने लगी है। चुनाव से पहले जदयू के भीतर भी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज है।
सात सितंबर को हुई पार्टी की बैठक के बाद भी मोकामा विधायक अनंत सिंह का रुख बदलता नहीं दिख रहा है। इसकी बानगी मंगलवार शाम बिहटा में दिखी।
अनंत सिंह के साथ दिखे अनुज सिंह
श्रद्धांजलि सभा में अनंत सिंह की मौजूदगी और उनके साथ पटना स्नातक क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी अनुज सिंह की उपस्थिति ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी।
अनंत सिंह पहले ही अनुज सिंह के समर्थन का दावा कर चुके हैं। सभा में अनुज सिंह ने कहा कि उन्हें दादा (अनंत सिंह) का आशीर्वाद और समर्थन मिल चुका है। अब उन्हें जनता के आशीर्वाद की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह हर हाल में चुनाव लड़ेंगे।

अनंत सिंह के रुख पर टिकी नजर
पटना स्नातक सीट के चुनावी समीकरण में अनंत सिंह की भूमिका को लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा हो रही है। जदयू की बैठक के बाद यह माना जा रहा था कि पार्टी के भीतर चुनाव को लेकर स्थिति कुछ स्पष्ट हो सकती है, लेकिन अनुज सिंह के साथ अनंत सिंह की सार्वजनिक मौजूदगी ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
अनुज सिंह ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से लगातार क्षेत्र का दौरा कर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। बिहटा में भी उन्होंने मतदाताओं से मुलाकात कर चुनाव प्रचार को आगे बढ़ाया।
पटना स्नातक सीट पर बढ़ेगी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज होने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक खेमों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में अनुज सिंह का चुनाव लड़ने का स्पष्ट एलान और अनंत सिंह के समर्थन का दावा इस चुनाव को लेकर सियासी समीकरणों को महत्वपूर्ण बना रहा है।
इधर, श्रद्धांजलि सभा में विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार, जीवन कुमार, संजय सिंह, हुलास पांडेय समेत कई नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानी स्व. जगदीश सिंह को श्रद्धांजलि दी।
नेताओं ने उनके स्वतंत्रता आंदोलन और समाज सेवा में योगदान को याद किया। सभा में उनके विचारों और देशप्रेम के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया गया।
यह भी पढ़ें- बिहार एमएलसी चुनाव: JDU प्रत्याशी नीरज कुमार को अनंत सिंह का झटका! बोले- नहीं करेंगे समर्थन
