विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले- फायदा देखकर जेल से निकालते और अंदर भेजते हैं नीतीश-भाजपा

Published: Thu, 26 Nov 2026 01:17 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन को एक महीने में सरेंडर करने के आदेश पर तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। 

आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर भड़के तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर भड़के तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

डिजिटल डेस्क, पटना। सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने के आदेश के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस फैसले पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि आनंद मोहन को लेकर नीतीश कुमार और भाजपा को जैसे फायदा सूझता है तो वे उन्हें बाहर निकलवाते हैं और लगता है कि कोई फायदा या काम नहीं है तो उन्हें जेल के अंदर करवाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यही नीतीश कुमार और भाजपा का काम करने का तरीका है।

इस दौरान तेजस्वी ने अनंत सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार पुलिस ने कहा था कि अनंत सिंह के घर पर एके-47 और हथियार मिले हैं और फिर वही बिहार पुलिस कहती है कि ऐसा कुछ नहीं मिला है। अब जब उन्होंने(अनंत सिंह) चुनाव में साथ नहीं दिया तो अलग से मुकदमा। भाजपा अपनी सहूलियत के हिसाब से लोगों का इस्तेमाल करती है।

क्या है सुप्रीम कोर्ट का पूरा फैसला?

गुरुवार (26 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी (DM) जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या (मॉब लिंचिंग) के मामले में बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने आनंद मोहन को सजा में छूट (रिहाई) देने के बिहार सरकार के 2023 के फैसले को रद्द कर दिया है और उन्हें एक महीने के अंदर सरेंडर करने का निर्देश दिया है।

अदालत ने अपने आदेश में ये मुख्य बातें कहीं

नियमों में बदलाव गलत था: साल 2023 में बिहार सरकार ने जेल नियमों में बदलाव कर सरकारी कर्मचारियों की हत्या के दोषियों की सजा माफी पर लगी रोक हटा दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस संशोधन को असंवैधानिक (गलत) माना है।

दोबारा विचार की छूट: कोर्ट ने साफ किया कि अगर राज्य सरकार चाहे, तो दिवंगत अधिकारी जी. कृष्णैया की पत्नी (याचिकाकर्ता) का पक्ष सुनने के बाद सजा माफी पर नए सिरे से विचार करने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।

इनपुट एएनआई के साथ

यह भी पढ़ें- क्या था 1994 का जी. कृष्णैया हत्याकांड? जिसमें आनंद मोहन को हुई थी फांसी की सजा; 15 साल से ज्यादा रहे जेल में


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।