विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या था 1994 का जी. कृष्णैया हत्याकांड? जिसमें आनंद मोहन को हुई थी फांसी की सजा; 15 साल से ज्यादा रहे जेल में

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:48 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया है। उन्हें गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया गया है।

आनंद मोहन को हुई थी फांसी की सजा (फाइल फोटो)

आनंद मोहन को हुई थी फांसी की सजा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की रिहाई को असंवैधानिक बताया।

  2. डीएम कृष्णैया हत्याकांड में एक महीने में सरेंडर का आदेश।

  3. बिहार सरकार के जेल मैनुअल संशोधन को रद्द किया।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। गोपालगंज के तत्कालीन डीएम और IAS अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बड़ा फैसला सुनाया है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को असंवैधानिक बताते हुए रद कर दिया है। 

कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है, जिसका मतलब है कि अब उन्हें अपनी बाकी की उम्र जेल में ही बितानी होगी।

बता दें कि जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। करीब चार महीने पहले 16 जुलाई को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिस पर अब यह निर्णय आया है।

क्या था जी. कृष्णैया हत्याकांड?

यह सनसनीखेज वारदात 5 दिसंबर 1994 को हुई थी। 1985 बैच के IAS अधिकारी जी. कृष्णैया उस समय बिहार के गोपालगंज जिले के जिलाधिकारी थे। उस दिन मुजफ्फरपुर में गैंगस्टर छोटन शुक्ला की हत्या के बाद उसकी शवयात्रा निकाली जा रही थी। संयोग से उसी रास्ते से डीएम जी. कृष्णैया की सरकारी गाड़ी गुजर रही थी। 

शवयात्रा में शामिल उग्र भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया, उन्हें बाहर खींचा और पीट-पीटकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को हिंसा के लिए उकसाने का आरोप लगा था, जिसे लंबी कानूनी सुनवाई के बाद अदालत ने सही पाया।

कितनी सजा हुई और कितने साल जेल में रहे?

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में आनंद मोहन को पहले सबसे कठोर सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में कम कर दिया गया। अक्टूबर 2007 में निचली अदालत ने आनंद मोहन को दोषी करार देते हुए मृत्युदंड (फांसी) की सजा सुनाई थी। दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उनकी फांसी की सजा को आजीवन कारावास (उम्रकैद) में बदल दिया।  

हाईकोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन लगातार जेल में सजा काट रहे थे। अप्रैल 2023 में रिहा होने से पहले वे करीब 15 साल से अधिक समय तक सलाखों के पीछे रहे।

नियम बदलकर कैसे हुई थी रिहाई?

साल 2023 में बिहार की तत्कालीन नीतीश सरकार ने एक ऐसा प्रशासनिक बदलाव किया, जिसने आनंद मोहन के जेल से बाहर आने का रास्ता साफ कर दिया। 10 अप्रैल 2023 को बिहार सरकार ने 'बिहार जेल मैनुअल, 2012' के नियम 481(1)(a) में बदलाव किया। पुराने नियम के तहत, ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या करने वाले दोषियों को समय से पहले रिहाई नहीं मिल सकती थी।

सरकार ने इस नियम से अंग्रेजी के पांच शब्द "a civil servant on duty" (ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक) हटा दिए। इससे सरकारी अधिकारी की हत्या का मामला भी सामान्य हत्या की श्रेणी में आ गया। 

इस बदलाव के बाद 14 साल की वास्तविक जेल और छूट मिलाकर 20 साल की सजा पूरी करने वाले कैदियों की रिहाई का रास्ता खुल गया। राज्य सजा माफी परिषद की सिफारिश के बाद 24 अप्रैल 2023 को 27 कैदियों की रिहाई का आदेश निकला, जिसमें आनंद मोहन का नाम भी शामिल था। 27 अप्रैल 2023 की सुबह उन्हें सहरसा जेल से रिहा कर दिया गया था।

आनंद मोहन को फिर से जाना होगा जेल 

अब सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के उस संशोधन को ही गैर-कानूनी और असंवैधानिक ठहरा दिया है। कोर्ट का मानना है कि ड्यूटी पर तैनात एक लोक सेवक की हत्या जैसे गंभीर अपराध में सजा माफी देने से समाज में गलत संदेश जाता है। इस फैसले के बाद जेडीयू सांसद लवली आनंद के पति और विधायक चेतन आनंद के पिता आनंद मोहन को फिर से जेल जाना होगा।

यह भी पढ़ें- पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से झटका, DM हत्याकांड में रिहाई का आदेश रद; 1 महीने में करना होगा सरेंडर


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।