पहले सीएम सम्राट से मिलीं फिर अनंत के घर पहुंची, एक ही दिन में अक्षरा सिंह की दो बड़ी मुलाकातें
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने पटना में सीएम सम्राट चौधरी और विधायक अनंत सिंह से मुलाकात की।
-1793897554202_m.webp)
सीएम सम्राट चौधरी और अनंत सिंह से मिली अक्षरा सिंह। (सोशल मीडिया)
HighLights
अक्षरा सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की।
इसके बाद मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से मिलीं।
इन मुलाकातों से बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज।
डिजिटल डेस्क, पटना। भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह के हालिया कदमों ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।
गुरुवार को अक्षरा सिंह अपने पिता के संग पटना स्थित लोक सेवक आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंट की।
दोनों पक्षों ने इस बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिसके बाद से ही उनके भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में प्रवेश को लेकर कयासबाजी शुरू हो गई है।
-1793898972622.webp)
सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रसिद्ध कलाकार और गायिका अक्षरा सिंह ने उनसे मुलाकात की। वहीं, अभिनेत्री ने भी इन पलों को अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया।
अनंत सिंह से भी की मुलाकात
हालांकि, अक्षरा सिंह ने इसे महज एक अनौपचारिक और शिष्टाचार मुलाकात करार दिया है। इस बैठक के तुरंत बाद वे मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से भी मिलने पहुंचीं, जिसने राजनीतिक पंडितों का ध्यान और अधिक खींच लिया है।
-1793898919544.webp)
फिलहाल अक्षरा सिंह ने किसी दल की सदस्यता लेने की पुष्टि नहीं की है और न ही बीजेपी की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आई है।
पहले भी बड़े नेताओं से कर चुकी हैं मुलाकात
यह पहला मौका नहीं है जब अक्षरा सिंह की सियासी एंट्री के कयास लगे हों। इसके अलावा, नवंबर 2023 में वे प्रशांत किशोर के 'जन सुराज' अभियान के मंच पर भी दिखाई दी थीं।
उस वक्त उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह किसी राजनीतिक दल का हिस्सा नहीं बनी हैं, बल्कि एक सामाजिक बदलाव की मुहिम से जुड़ी हैं।
अब सत्ताधारी दल के प्रमुख नेताओं और बाहुबली पृष्ठभूमि वाले नेताओं से उनकी लगातार मुलाकातों ने एक बार फिर संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही राज्य की चुनावी राजनीति में किसी औपचारिक भूमिका में नजर आ सकती हैं।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में सजेगी महफिल, 30 फीट का होगा जयमाला स्टेज; पवन सिंह, अक्षरा और सोनू सूद को न्योता