विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आमस-दरभंगा और रामजानकी मार्ग के निर्माण में आएगी तेजी, NHAI को मिलीं दो पत्थर खदानें; 54 लाख टन पत्थर जुटाने की तैयारी

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:54 PM (IST)

बिहार सरकार ने NHAI को गया में दो पत्थर खदानें आवंटित की हैं, जिससे आमस-दरभंगा और रामजानकी मार्ग जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण में तेजी आएगी। इन खदानों से निकाले गए पत्थर का उपयोग केवल निर्धारित सड़क परियोजनाओं के लिए होगा, जिससे समय पर निर्माण सुनिश्चित हो सके।

आमस-दरभंगा मार्ग से दो प्रमुख कॉरिडोर जुड़ेंगे

आमस-दरभंगा मार्ग से दो प्रमुख कॉरिडोर जुड़ेंगे

HighLights

  1. NHAI को गया में दो पत्थर खदानें आवंटित।

  2. आमस-दरभंगा, रामजानकी मार्ग निर्माण में तेजी।

  3. पत्थर केवल निर्धारित सड़क परियोजनाओं हेतु उपयोग।

सुनील राज, पटना। बिहार में दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के निर्माण में अब पत्थर की कमी बाधा नहीं बनेगी। राज्य सरकार ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को गया जिले में दो पत्थर खदानों का आवंटन किया है।

इन खदानों से अगले दो वर्षों तक पत्थर का खनन किया जा सकेगा। यहां से निकाले गए पत्थर का इस्तेमाल केवल NHAI की निर्धारित सड़क परियोजनाओं में होगा। इसे खुले बाजार में बेचने की अनुमति नहीं होगी।

जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर हुआ आवंटन

खान एवं भू-तत्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गया जिले की जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट में चिह्नित सात पत्थर खनन क्षेत्रों में से छठे और सातवें क्षेत्र का आवंटन NHAI को किया गया है।

दोनों खदानों के लिए पहले वर्ष की बंदोबस्ती राशि निर्धारित न्यूनतम सुरक्षित मूल्य के आधार पर तय होगी। इसके अतिरिक्त NHAI को जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) और अन्य देय शुल्क का भी भुगतान करना होगा।

दो साल के लिए मिला खनन पट्टा

विभाग ने दोनों खदानों के लिए खनन पट्टे की अवधि दो वर्ष निर्धारित की है। पथ निर्माण विभाग ने आमस-दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-119D) और रामजानकी मार्ग के सिवान-मशरख खंड के निर्माण में तेजी लाने के लिए पत्थर खनन की अनुमति मांगी थी। इन दोनों परियोजनाओं के लिए बड़ी मात्रा में पत्थर की जरूरत है।

सामान्य प्रक्रिया से अलग बनाई विशेष व्यवस्था

सामान्य प्रक्रिया के तहत खनन पट्टा मिलने में अधिक समय लग सकता था। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने लोकहित में विशेष व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य दोनों महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के निर्माण के लिए समय पर पत्थर उपलब्ध कराना है, ताकि निर्माण कार्य में देरी न हो।

आमस-दरभंगा मार्ग से दो प्रमुख कॉरिडोर जुड़ेंगे

खान एवं भू-तत्व विभाग की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आमस-दरभंगा मार्ग के निर्माण से बिहार से गुजरने वाले स्वर्णिम चतुर्भुज (NH-19) और पूर्व-पश्चिम गलियारे (NH-27) के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे राज्य के विभिन्न हिस्सों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा और आवागमन आसान बनेगा।

रामजानकी मार्ग से अयोध्या-सीतामढ़ी की राह होगी आसान

रामजानकी मार्ग के सिवान-मशरख खंड को चार लेन में विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होने से अयोध्या से सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम तक आवागमन अधिक सुगम होगा। धार्मिक और पर्यटन स्थलों के बीच सड़क संपर्क को भी मजबूती मिलेगी।

खदानों के इस्तेमाल पर रहेंगी सख्त शर्तें

राज्य सरकार ने खदानों के इस्तेमाल को लेकर कई शर्तें तय की हैं। NHAI को सभी आवश्यक अनापत्तियां प्राप्त करने के बाद गया के जिलाधिकारी के साथ इकरारनामा करना होगा। खनन से निकाले गए पत्थर की ढुलाई केवल ई-चालान के माध्यम से की जा सकेगी।

नियम तोड़ने पर रद हो सकता है पट्टा

ई-चालान में संबंधित सड़क परियोजना के गंतव्य स्थल का उल्लेख करना अनिवार्य होगा। खदानों से निकाले गए पत्थर का उपयोग निर्धारित परियोजनाओं के अलावा कहीं और नहीं किया जा सकेगा। शर्तों का उल्लंघन करने या निर्धारित शुल्क का भुगतान नहीं करने की स्थिति में खनन पट्टा रद किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।