हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस के टॉयलेट के पास मिले 36 कछुए, चीन भेजने की थी तैयारी; पटना में खुला तस्करी का खेल
हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस में तलाशी के दौरान जीआरपी ने 36 कछुए बरामद किए, जिनमें से पांच मृत पाए गए। इन कछुओं ...और पढ़ें

बरामद कछुआ जीआरपी परिसर में रखा गया (जागरण)
HighLights
हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस में 36 कछुए बरामद, पांच मृत मिले।
उत्तर प्रदेश से चीन भेजे जा रहे थे ये कछुए।
चीन में औषधि और बुलेटप्रूफ जैकेट बनाने का उपयोग।
संवाद सूत्र, खगौल। रेल मार्ग से वन्यजीवों की तस्करी का मामला सामने आया है। हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस की सामान्य बोगी में तलाशी के दौरान जीआरपी ने 36 कछुए बरामद किए। इनमें पांच मृत पाए गए। कछुओं को थैले में भरकर शौचालय के पास रखा गया था। इस दौरान संदिग्ध तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
जीआरपी की टीम ने नेऊरा स्टेशन के पास ट्रेन की जांच के दौरान लावारिस थैले से कछुओं को बरामद किया। ट्रेन के दानापुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सभी कछुओं को जीआरपी कार्यालय लाया गया। इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
वन विभाग के स्पेशल पीपी रामाकांत तिवारी ने बताया कि कछुओं की तस्करी करना अपराध है। उनके अनुसार, कछुओं को उत्तर प्रदेश के अमेठी-सुल्तानपुर क्षेत्र से पकड़कर बंगाल के रास्ते चीन भेजे जाने की बात सामने आई है।
वहां इनका इस्तेमाल औषधि बनाने और बुलेटप्रूफ जैकेट तैयार करने में किए जाने की जानकारी दी गई। बरामद कछुओं का वजन लगभग 20 से 25 किलो बताया गया है।
सभी कछुओं को सीजीएम के समक्ष पेश करने के बाद सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जीआरपी फरार तस्करों की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- नीतीश को असंभव लगता था 10 लाख नौकरी का वादा, तेजस्वी ने अब खोला बड़ा राज; 1.30 लाख बहाली की फाइल भी थी तैयार!
यह भी पढ़ें- अंगुलियां हो सकती हैं टेढ़ी, स्तनों को होता है नुकसान; दीपावली में पटाखे जलाते वक्त इन बातों का रखें ध्यान