धान की कुट्टी के बीच छिपाकर लाई जा रही थी 1531 लीटर अंग्रेजी शराब, नवादा में 2 तस्कर गिरफ्तार; पिकअप जब्त
नवादा पुलिस ने नेमदारगंज थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए धान की कुट्टी में छिपाकर लाई जा रही 1531.44 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की।

छिपाकर लाई जा रही थी 1531 लीटर अंग्रेजी शराब (सौ. जागरण)
HighLights
नवादा में 1531 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
धान की कुट्टी में छिपाकर लाई जा रही थी शराब।
दो तस्कर गिरफ्तार, पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।
जागरण संवाददाता, नवादा। जिले में अवैध अंग्रेजी शराब के कारोबार के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नेमदारगंज थाना क्षेत्र के बरेव हाईस्कूल के पास मंगलवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 1531.44 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
शराब की यह खेप ओल्ड हैबिट व्हिस्की ब्रांड की है। इसे धान की कुट्टी के बीच छिपाकर टाटा पिकअप से लाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन को जब्त करते हुए चालक और उपचालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों की पहचान झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चुटकिया गांव निवासी 28 वर्षीय रामू कुमार यादव, पिता बलराम यादव तथा 30 वर्षीय गोवर्धन सेन, पिता लड्डू सेन के रूप में हुई है।
जब्त शराब कुल 171 कार्टून में
पुलिस के अनुसार, जब्त शराब कुल 171 कार्टून में रखी हुई थी। इसमें 750 एमएल की 30 कार्टून में 360 बोतल, 375 एमएल की 120 कार्टून में 2880 बोतल तथा 180 एमएल की 21 कार्टून में 1008 बोतल शामिल हैं। इस तरह कुल 4248 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 1531.44 लीटर है।
धनबाद बस स्टैंड से पिकअप में शराब लेकर चले थे, लाइनर बता रहा था रास्ता
पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सोमवार शाम धनबाद बस स्टैंड के पास से पिकअप लेकर चले थे। एक लाइनर के माध्यम से उन्हें रास्ता बताया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि शराब की खेप बिहार में खपाने की तैयारी थी। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में लाइनर की भूमिका और शराब के वास्तविक कारोबारी की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरफ्तार चालक और उपचालक पहले भी अंग्रेजी शराब की तस्करी में शामिल रहे हैं या नहीं। नेमदारगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को शराब तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
दूसरी ओर, जिले में मंगलवार को कौआकोल थाना क्षेत्र में भी शराब के विरुद्ध कार्रवाई हुई है। दोनों मामलों को लेकर पुलिस की सक्रियता से शराब कारोबारियों में हड़कंप है।
यह भी पढ़ें- मौलाना से हुआ प्यार तो पति को भूली, नवादा में चार बच्चों की मां घर से फरार; 6 दिन से तलाश जारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।