UPSC CSE Result: रवि राज ने आंखों की रौशनी खोई; हौंसला नहीं... 5वें अटेम्प्ट में बन गए IAS अफसर
नवादा के रवि राज ने बचपन में आंखों की रोशनी खोने के बावजूद हार नहीं मानी। अथक परिश्रम से उन्होंने ...और पढ़ें

रवि राज ने आंखों की रौशनी खोई; हौंसला नहीं...

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, नवादा। यह कहानी है रवि राज की। बचपन से ही जिसने आंखों की रौशनी खोई, लेकिन हौंसला नहीं! अथक परिश्रम और लक्ष्य पाने की ललक ने उन्हें आई.ए.एस बना ही दिया। साथ ही नवादा जिला से संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा, 2025 में 20वीं रैंक प्राप्त करने वाले पहले छात्र भी बने।
शारीरिक अक्षमता और संसाधनों की कमी उनकी लक्ष्य प्राप्ति में कहीं से भी बाधा नहीं बनी और अंततः उन्होंने अपने लक्ष्य को भेद डाला। शुक्रवार दोपहर में संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा, 2025 के परिणाम घोषित हुए, तो रवि राज को खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उनकी मेहनत ने उन्हें अभीष्ट की प्राप्ति करा दी थी।
उन्होंने सबसे पहले अपने पिता रंजन कुमार सिन्हा को रिंग किया और परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। कहा कि अब जाकर आई.ए.एस बन गए हैं। पढ़ने की ललक अब भी कम नहीं हुई, उन्होंने तुरंत फोन यह कहते हुए रख दिया कि वे अपनी क्लास करने जा रहे है। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के नागपुर स्थित नेशनल एकेडमी ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज (एनएडीटी) में प्रशिक्षु हैं।

होली मनाने रजौली गए थे रवि राज के माता-पिता, सपने हुए रंगीनः
रवि राज के माता-पिता होली मनाने को रजौली गए हुए हैं। वहीं उनका ननिहाल है। रजौली के जगजीवन मार्केट में रवि राज के मामा संजय कुमार सिन्हा और दिलीप कुमार सिन्हा रहते हैं। रवि राज के नाना श्रीकांत प्रसाद अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन यहीं उनका पुश्तैनी मकान है।
परीक्षा परिणाम आते ही उनके ननिहाल में जश्न का माहौल है। असली होली शुक्रवार को हुई, सबके सपने रंगीन हो गए। मिठाईयां खाने-खिलाने का दौर चला।
रवि राज की नानी पार्वती देवी ने सबको मुंह मीठा कराया। साथ में रवि राज की बहन साक्षी सिन्हा, मामी अल्पना सिन्हा, विनीता सिन्हा समेत पूरा परिवार एकजुट रहा। रंजन कुमार सिन्हा ने बताया कि रवि राज के दादा नरेन्द्र प्रसाद, दादी मालती देवी और चाचा रंजीत कुमार सिन्हा के भी सपने साकार हो गए।
रवि राज की शैक्षणिक पृष्ठभूमिः
- शिक्षण- संस्थान- उत्तीर्णता का वर्ष
- दसवीं- दयाल पब्लिक स्कूल- 2015
- बारहवीं- सत्येन्द्र नारायण सिंह इंटर स्कूल- 2017
- स्नातक- सीताराम साहू कॉलेज- 2020
नवादा डीएम ने रवि राज को दी बधाई
नवादा डीएम रवि प्रकाश ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा,2025 में 20वीं रैंक लाने वाले नवादा के छात्र रवि राज की उपलब्धि को एक्स हैंडल पर पोस्ट किया।
उन्होंने यूपीएससी द्वारा जारी परीक्षा परिणाम की प्रति लगाते हुए रवि राज के रैंक को रेखांकित किया और लिखा, “रवि राज ने हमें फिर से गौरवान्वित किया।”
साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष 23 अप्रैल, 2025 को सिविल सेवा परीक्षा,2024 में 182वीं रैंक लाने के बाद रवि राज के गृह भ्रमण की तस्वीरें भी साझा की।
उस दौरान भी नवादा डीएम ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किए थे। जिला पदाधिकारी रवि राज की माता विभा सिन्हा से काफी प्रभावित हुए थे। साथ ही उनके पिता रंजन कुमार सिन्हा के धैर्य को भी सराहा था।
यह भी पढ़ें- बिहार के मेजर Nitish Kumar ने UPSC में लहराया परचम, सिविल सेवा परीक्षा में मिली 305वीं रैंक
