विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जापान की टीचर मियामुरा बनीं छठ व्रती, नवादा के अकबरपुर में तालाब में खड़े होकर उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

Published: Mon, 16 Nov 2026 05:52 PM (GMT+05:30)

जापान की शिक्षिका काना मियामुरा ने बिहार के नवादा जिले के पिरौटा गांव में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाया।

जापानी टीचर से सफलतापूर्वक पूरा किया व्रत। (जागरण)

जापानी टीचर से सफलतापूर्वक पूरा किया व्रत। (जागरण)

HighLights

  1. जापान की शिक्षिका काना मियामुरा ने नवादा में छठ मनाया।

  2. उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया।

  3. भारतीय संस्कृति और छठ की परंपरा से बेहद प्रभावित हुईं।

मनोज कुमार, अकबरपुर (नवादा)। भारतीय संस्कृति और बिहार की लोक आस्था की पहचान छठ महापर्व अब सात समंदर पार के लोगों को भी अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

इसकी अनूठी मिसाल अकबरपुर प्रखंड के ऐतिहासिक पिरौटा गांव में देखने को मिली, जहां जापान की शिक्षिका काना मियामुरा ने पूरे श्रद्धा, समर्पण और उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाया।

सोमवार की सुबह उन्होंने उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय छठ व्रत का विधि-विधान से समापन किया।

जापान से बिहार पहुंची काना मियामुरा पिछले कुछ समय से भारतीय संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था को करीब से समझ रही हैं। छठ महापर्व के प्रति उनकी विशेष रुचि ने ग्रामीणों को भी आकर्षित किया।

उन्होंने छठ व्रत की कठिन साधना, सात्विकता, शुद्धता और अनुशासन को आत्मसात करते हुए इस महापर्व में भाग लिया। एक सामान्य छठ व्रती की तरह उन्होंने इस व्रत के सभी नियम को पूर्ण किया।

पिरौटा तालाब में दिया अर्घ्यदान

पिरौटा तालाब पर उन्होंने सूर्यदेव को अर्घ्यदान किया। छठ की तैयारी के लिए उन्होंने करीब दो महीने तक सात्विक भोजन किया। इतना ही नहीं, उन्होंने भोजपुरी में छठ गीत गाकर भी लोगों का दिल जीत लिया। पिरौटा गांव में रहकर उन्होंने चार दिवसीय छठ पूजन को किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की परंपरा उन्हें बेहद अद्भुत और प्रेरणादायक लगी। इसमें प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता का भाव दिखाई देता है।

चार दिनों तक व्रतियों का अनुशासन, परिवार और समाज का सहयोग तथा घाटों पर लोगों की सामूहिक श्रद्धा देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। भारतीय संस्कृति में आस्था और प्रकृति के बीच जो गहरा संबंध है, वह उन्हें विशेष रूप से प्रभावित करता है। जापान में भी लोग प्रकृति का सम्मान करते हैं, इसलिए छठ की परंपरा उन्हें अपनेपन का एहसास कराती है।

काना मियामुरा के इस धार्मिक आयोजन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उनसे मुलाकात की और उनके बारे में जानकारी ली।

इस दौरान रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन, एसडीपीओ अभिषेक कुमार, बीडीओ राधा रमण मुरारी, अकबरपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, एसआई राजन कुमार सहित जीविका के अधिकारी एवं एलएचएस विवेक मोहन मौजूद रहे।

अधिकारियों ने जापानी शिक्षिका के साथ रहे गाइड रंजन कुमार के सहयोग से उनसे बातचीत कर छठ महापर्व के महत्व और बिहार की सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी साझा की।

यह भी पढ़ें- छठ पर भोजपुरी गीत गाकर वायरल हुई जापानी टीचर, महापर्व मनाने के लिए 2 महीने पहले से छोड़ा लहसुन-प्याज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।